
डॉ. मुखर्जी का राष्ट्र निर्माण में योगदान अतुलनीय : राधामोहन पाणिग्राही
बरमकेला – भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रभक्त डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मजयंती मानिकपुर बूथ में बेहद गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। पूरा परिसर “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहे” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष श्री राधामोहन पाणिग्राही जी ने अपने विस्तृत उद्बोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और राष्ट्र के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा डॉ. मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक महान शिक्षाविद, चिंतक और प्रखर राष्ट्रवादी थे। देश की एकता और अखंडता के लिए उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। ‘एक देश में दो विधान,दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का उनका संकल्प आज धरातल पर सच साबित हुआ है। उनका जीवन हमें हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करने की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ भाजपा नेता श्री जयप्रकाश पटेल जी ने अपने स्वागत उद्बोधन से उपस्थित अतिथियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का अभिनंदन किया और कार्यक्रम की रूपरेखा सामने रखी। वहीं, कार्यक्रम के समापन पर मानिकपुर बूथ के अध्यक्ष श्री जयकुमार पटेल ने सभी आगंतुकों और सहयोगियों का आभार प्रदर्शन किया।
इस गौरवमयी आयोजन में भाजपा संगठन के प्रति निष्ठा रखने वाले स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से नीलाम्बर इजारदार, पदुमलाल निषाद, पुरंजन पटेल, सुमित निषाद, विद्याधर पटेल, मुकेश ईजारदार,श्री केदार पटेल,सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक और ग्रामीण जन उपस्थित थे।
सभी ने डॉ. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।






