कानूनक्राइम

घरघोड़ा में झपटमारी और लूटपाट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; तीसरे की तलाश जारी

24 घंटे के भीतर पुलिस की कार्रवाई, लूटा गया आईफोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

घरघोड़ा, रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में झपटमारी और लूटपाट की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक अन्य साथी फरार है। आरोपियों ने पहले युवक से आईफोन छीना और फिर ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर मारपीट करते हुए मोबाइल व नकदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

रास्ता रोककर युवक से छीना आईफोन

पुलिस के अनुसार, ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया ने शिकायत दर्ज कराई कि 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबा के सामने तीन युवकों ने उसकी राह रोक ली। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने उसकी जेब से आईफोन छीन लिया और तीनों रायगढ़ रोड की ओर फरार हो गए।

ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर लूटपाट

दूसरी घटना 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने हुई। बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह के मुताबिक, बाइक सवार तीन युवकों ने ट्रेलर को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे नीचे उतारा और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद रेडमी मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 3 हजार रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

सिम निकालकर फेंका, मोबाइल बेचने की फिराक में थे आरोपी

दोनों मामलों की जांच के दौरान घरघोड़ा पुलिस ने संदिग्धों की तलाश कर सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी समीर महंत उर्फ पप्पू, निवासी फोकटपारा घरघोड़ा, के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था और मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

पीड़ितों ने कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड में दोनों आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने सुरेन्द्र चौहान से वारदात में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और सुमेष प्रधान से सफेद रंग का आईफोन बरामद किया है। फरार आरोपी समीर महंत की तलाश जारी है।

एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई की। इसमें थाना प्रभारी कुमार गौरव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार तथा आरक्षक हरीश पटेल, उद्यो पटेल और भानु चंद्रा की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर झपटमारी, लूटपाट और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपी और अन्य लूटी गई संपत्तियों के संबंध में जांच जारी है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button