
अदाणी फाउंडेशन की पहल पर सात स्कूल क्लस्टरों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, कबड्डी और खो-खो में दिखा रोमांच; विजेता एवं उपविजेता टीमों को किया गया सम्मानित
रायगढ़/तमनार, 23 अक्टूबर 2026। ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और विद्यार्थियों को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम मिलूपारा स्थित आदर्श ग्राम्य भारती विद्यालय में केंद्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कबड्डी और खो-खो पर आधारित इस प्रतियोगिता में सात स्कूल क्लस्टरों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में तमनार, धरमजयगढ़, मिलूपारा, पुसौर, धौराभांठा, लिब्रा और राजपुर के स्कूल क्लस्टरों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। विद्यार्थियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया और खेल के प्रति अपनी लगन का परिचय दिया।

अतिथियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भंसीधर चौधरी, नंदिनी मनोज राय, पेलमा के साइट हेड, गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड तथा लॉजिस्टिक्स हेड की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मिलूपारा के सरपंच उद्धव भगत, उपसरपंच सीताराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा, यादलाल नायक, बबलू पटेल, अशोक पटेल और नित्यानंद सहित अदाणी समूह के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कबड्डी और खो-खो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी और खो-खो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति, सामूहिक तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्कूलों से आई बालक-बालिकाओं की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मोमेंटो एवं विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।
खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का रखा गया ध्यान
आयोजन में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अदाणी फाउंडेशन द्वारा बस परिवहन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा खेल मैदान में किसी भी संभावित चोट या आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, ताकि विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में प्रतियोगिता में भाग ले सकें।

खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता और अनुशासन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।
पेलमा के साइट हेड ने कहा कि खेल शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस तरह के आयोजन ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं, गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए अदाणी फाउंडेशन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की पहल
उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रहा है। मिलूपारा में आयोजित यह केंद्रीय खेल प्रतियोगिता ग्रामीण विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का अवसर प्रदान करने वाली पहल के रूप में सामने आई।






