सरकारसामाजिकसुरक्षा

पेट्रोल पंपों में डीजल की किल्लत को लेकर बरमकेला सरिया में आधी रात लगी डीजल लेने की होड़

सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले के ग्रामीण क्षेत्र के किसान इन दिनों तिहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर भीषण गर्मी, बेमौसम आंधी-तूफान और बारिश के साथ गिरते जलस्तर ने परेशानी बढ़ा दी है, वहीं अब पेट्रोल पंपों पर डीजल की भारी किल्लत ने कृषि कार्यों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। सरिया, कटंगपाली, लोधिया और साल्हेओना सहित आसपास के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पिछले दो-तीन दिनों से डीजल का स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन गई है, जिससे किसान और खदान संचालक दोनों परेशान हैं।

सरिया में आधी रात पेट्रोल पंप पर उमड़ी भीड़

जैसे ही लोगों को जानकारी मिली कि सरिया के गांधी चौक स्थित पेट्रोल पंप में डीजल उपलब्ध है, रात करीब 10:30 बजे से ही वहां लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य वाहन लेकर लोग लंबी कतार में खड़े नजर आए। कई लोग डब्बा लेकर भी डीजल लेने पहुंचे। हालात ऐसे हो गए कि पंप परिसर में मारामारी जैसी स्थिति बन गई। देर रात तक लोग डीजल लेने कतार में लगे रहे।

अकरस जोताई प्रभावित, किसान चिंतित

इन दिनों कृषि कार्य के तहत खेतों में अकरस जोताई का काम तेजी से चल रहा है। ट्रैक्टरों से होने वाली इस जोताई के लिए बड़ी मात्रा में डीजल की जरूरत होती है, लेकिन डीजल नहीं मिलने से कई ट्रैक्टर खेतों के बजाय घरों और पेट्रोल पंपों के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय पर जोताई नहीं हुई तो आने वाली फसल की तैयारी प्रभावित हो सकती है।

राशनिंग के बीच मिल रहा डीजल

बुधवार को क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों में डीजल की नई खेप पहुंची, लेकिन मांग इतनी ज्यादा थी कि कुछ ही घंटों में स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पंप संचालकों ने डीजल की राशनिंग शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं को प्रति व्यक्ति केवल 25-25 लीटर डीजल ही दिया जा रहा है। इतनी कम मात्रा में डीजल मिलने से किसानों के साथ-साथ खदानों में चलने वाले भारी वाहनों का काम भी प्रभावित हो रहा है।

खदानों और परिवहन कार्य पर भी असर

डीजल संकट का असर स्थानीय खदानों में चलने वाले डम्पर, हाईवा और अन्य मशीनों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई वाहन खड़े हो गए हैं, जिससे परिवहन कार्य प्रभावित हो रहा है। कटंगपाली और साल्हेओना जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों में सुबह से ही डीजल के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

जल्द आपूर्ति की मांग

किसानों और वाहन चालकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर जल्द पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि कृषि और व्यवसायिक गतिविधियां सुचारू रूप से चल सकें। लोगों का कहना है कि यदि जल्द स्थिति सामान्य नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button