
सहायक आयुक्त कामेश सिंह कश्यप ने किया पौधरोपण, किसानों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील
कोसीर – भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मर्यादित, कोसीर (पंजीयन क्रमांक 1561) के प्रांगण में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, समिति कर्मचारियों एवं किसानों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया तथा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त सहकारिता एवं नोडल अधिकारी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ श्री कामेश सिंह कश्यप रहे। उनके साथ सहकारिता निरीक्षक श्री लकेश्वर देवांगन, समिति प्रबंधक श्री खगेश जांगड़े, समिति के कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक कृषक उपस्थित रहे, मुख्य अतिथि श्री कश्यप ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सहकारिता समितियों को केवल कृषि सेवाओं तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं किसानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की अमूल्य धरोहर भी हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और पौधों की नियमित देखभाल के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।






