छत्तीसगढ़पिकनिकसुरक्षा

गोमर्डा अभ्यारण्य के लात नाला में बड़ा हादसा: पिकनिक मनाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबकर मौत, 14 घंटे बाद पेड़ के नीचे मिला शव

दोस्तों के साथ घूमने गया था राकेश सिदार, नहाने के दौरान गहरे पानी में समाया; मंगलवार से चल रही थी तलाश, बुधवार सुबह मिली लाश

कनकबीरा पुलिस चौकी क्षेत्र के मौहाढोड़ा के पास हुई दर्दनाक घटना, गांव में पसरा मातम

सारंगढ़-बिलाईगढ़। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र के मौहाढोड़ा के पास स्थित लात नाला में 22 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार को नहाने के दौरान लापता हुए युवक का शव करीब 14 घंटे की तलाश के बाद बुधवार सुबह गहरे पानी में पेड़ के नीचे मिला। स्थानीय ग्रामीण तैराकों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी कनकबीरा क्षेत्र के ग्राम नरेश नगर निवासी कुछ युवक मंगलवार सुबह पिकनिक मनाने लात नाला पहुंचे थे। सभी दोस्त वहां खाना बनाने और घूमने-फिरने में व्यस्त थे। इसी दौरान कुछ युवक नाले में नहा रहे थे, जबकि तीन-चार साथी खाना बनाने में लगे हुए थे।

इसी बीच राकेश सिदार पिता बृजलाल सिदार, उम्र 22 वर्ष, भी नहाने के लिए नाले की ओर चला गया। बताया जा रहा है कि खाना बना रहे दोस्तों ने उसे नाले के किनारे जामुन के पेड़ पर चढ़ते हुए देखा था, लेकिन इसके बाद वह कब पानी में गया, किसी को पता नहीं चला।

खाना खाने के लिए जुटे दोस्त, तो गायब मिला राकेश

कुछ देर बाद जब सभी दोस्त खाना खाने के लिए एकत्रित हुए, तब राकेश वहां दिखाई नहीं दिया। पहले साथियों ने आसपास आवाज लगाकर उसे तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद दोस्तों ने गांव लौटकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि राकेश मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है।

रातभर चला तलाश अभियान, सुबह गहरे पानी में मिला शव

युवक के लापता होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने टीम बनाकर मंगलवार से ही लात नाला और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन राकेश का कहीं पता नहीं चला। इस बीच घटना की सूचना पुलिस चौकी कनकबीरा को भी दी गई।

बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान नाले के गहरे पानी में पेड़ के नीचे राकेश का शव दिखाई दिया। स्थानीय तैराक ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पिकनिक की खुशी मातम में बदली

जिस युवक के साथ दोस्त कुछ घंटे पहले हंसी-खुशी पिकनिक मनाने पहुंचे थे, उसी की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक परिवार ने अपना 22 वर्षीय बेटा खो दिया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर जलाशयों और गहरे नालों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जरूरत को सामने ला दिया है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button