
रायगढ़। विजयदशमी पर्व के अवसर पर रायगढ़ पुलिस लाइन में पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मां भगवती की आराधना कर अस्त्र-शस्त्रों और पुलिस वाहनों का पूजन किया।
शस्त्र पूजन से पहले पुलिस के अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की साफ-सफाई कर उन्हें पूजन स्थल पर सुसज्जित किया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। विजयदशमी की परंपरा के तहत हर्ष फायरिंग भी की गई।
कार्यक्रम में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र सिंह बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी रोहित शुक्ला, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का अमला उपस्थित रहा।
एसएसपी ने जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयदशमी सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि रायगढ़ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।
जिले के सभी थाना-चौकियों में हुआ शस्त्र पूजन
विजयदशमी के अवसर पर रायगढ़ जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी शस्त्र पूजन किया गया। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अस्त्र-शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






