आस्थासामाजिकसुरक्षास्वास्थ्य

मां चंद्रहासिनी मंदिर में अदाणी फाउंडेशन की सेवा पहल, 9 दिन में 687 श्रद्धालुओं को मिला निःशुल्क इलाज

चंद्रपुर में नवरात्रि मेले के दौरान लगा चिकित्सा शिविर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और ओडिशा से पहुंचे श्रद्धालुओं को मिली स्वास्थ्य सुविधाएं

रायगढ़/चंद्रपुर, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर, चंद्रपुर में शारदीय नवरात्रि के दौरान आस्था के साथ जनसेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं प्राथमिक उपचार शिविर में कुल 687 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। 11 से 19 अक्टूबर तक चले इस शिविर में 504 पुरुष और 183 महिलाओं का उपचार किया गया।

नौ दिनों तक श्रद्धालुओं को मिली निःशुल्क चिकित्सा सुविधा

महानदी, मांड और लात नदियों के त्रिवेणी संगम पर स्थित मां चंद्रहासिनी मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस शिविर में श्रद्धालुओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

डॉ. उरांव के मार्गदर्शन में मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे सेवाएं प्रदान कीं, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर मौके पर ही उपचार मिल सका।

सर्दी-बुखार से लेकर बीपी-शुगर तक की जांच

शिविर के दौरान अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं को उपचार और चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई। लंबी दूरी की यात्रा कर पहुंचे 187 मरीजों को तत्काल राहत दी गई। वहीं, सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार से पीड़ित 136 मरीजों का उपचार किया गया।

यात्रा और उपवास के कारण थकान महसूस कर रहे 130 श्रद्धालुओं को मेडिकल सपोर्ट दिया गया। इसके अलावा 106 मरीजों की बीपी, शुगर जांच एवं घावों की ड्रेसिंग की गई। त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित 62 और गैस्ट्रो संबंधी परेशानी वाले 44 मरीजों को भी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

ओडिशा समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं को लाभ

मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अदाणी फाउंडेशन की इस पहल का लाभ चंद्रपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा ओडिशा से आए दर्शनार्थियों को भी मिला।

श्रद्धालुओं ने मेले के दौरान मंदिर परिसर में ही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने को उपयोगी पहल बताया। इससे जरूरतमंद लोगों को तत्काल उपचार और आवश्यक दवाइयां प्राप्त करने में मदद मिली।

जनप्रतिनिधियों और मंदिर न्यास ने की पहल की सराहना

शिविर का शुभारंभ डभरा तहसीलदार आशीष पटेल, नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन, मंडल अध्यक्ष तिलेस माली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन विश्वकर्मा, जिला समन्वयक दिनेश नायक, एल्डरमैन गौरी शंकर गुप्ता एवं गिरजा यादव सहित मंदिर न्यास के पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।

नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने कहा कि नवरात्रि मेले में हजारों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में अदाणी फाउंडेशन की ओर से लगाया गया निःशुल्क चिकित्सा शिविर जनसेवा की सराहनीय पहल है।

वहीं, मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर न्यास के ट्रस्टी सुजीत पाण्डेय ने कहा कि मंदिर पहुंचने वाले गरीब और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही निःशुल्क इलाज और दवाइयां मिलने से उनकी यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने में मदद मिली।

समन्वय से संपन्न हुआ सेवा शिविर

आयोजकों के अनुसार, यह शिविर श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं चंद्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के समन्वय तथा स्वर्गीय मुकुटधर पाण्डेय स्मृति मेमोरियल सर्विस फाउंडेशन, चंद्रपुर के संचालन सहयोग से संपन्न हुआ।

नवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान 687 श्रद्धालुओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने वाली यह पहल धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की सेवा के महत्व को भी रेखांकित करती है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button