
स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश, चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी से काम करने की हिदायत
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 अक्टूबर 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवनी का निरीक्षण किया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण में उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को मिल रहे उपचार की स्थिति का जायजा लिया।
समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज के निर्देश
निरीक्षण के दौरान CMHO ने स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराने और चिकित्सा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने, आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित सेवाओं की नियमित निगरानी करने तथा व्यवस्थाओं में लगातार सुधार सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
जिला और विकासखंड स्तर का स्वास्थ्य अमला रहा मौजूद
निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. जायसवाल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. रूपेंद्र कुमार साहू, डॉ. प्रकाश कुर्रे, आयुष्मान सलाहकार रोशन सचदेवा, कार्यक्रम प्रबंधक लकेश्वर सिंह बघेल, अमित कुमार साहू और अविनाश कुमार देवांगन सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना और आम नागरिकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।






