
बरमकेला / क्षेत्र के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब आवास निर्माण के लिए बालू की व्यवस्था करना पहले की तुलना में आसान हो गया है। नई व्यवस्था के अनुसार हितग्राही ग्राम पंचायत के सचिव से लिखित अनुमति लेकर बालू ला सकेंगे, जिससे निर्माण कार्य में आ रही बाधाएं दूर होने की उम्मीद है।
पिछले कुछ समय से बालू की उपलब्धता नहीं होने के कारण कई हितग्राहियों का आवास निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। कई परिवारों को किस्त मिलने के बावजूद भी मकान निर्माण शुरू करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा हो रही थी।

अब प्रशासन की पहल के बाद हितग्राहियों को बड़ी राहत मिली है। ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव से लिखित जानकारी दर्ज कराकर आवास हितग्राही अपने निर्माण कार्य के लिए बालू ला सकते हैं। इससे अब उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि इस विषय को लेकर स्थानीय स्तर पर खबरें भी प्रकाशित हुई थीं, जिसके बाद प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए समाधान का रास्ता निकाला।
कलेक्टर संजय कन्नौजे के कुशल मार्गदर्शन मे जिला सीईओ इंद्रजीत बर्मन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय पटेल द्वारा आवास हितग्राहियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए सहयोगात्मक कदम उठाया गया है। उनके इस निर्णय से अब क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बन रहे घरों के निर्माण कार्य में तेजी आने की संभावना है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब हितग्राही बिना किसी डर या आशंका के बालू की व्यवस्था कर सकेंगे और अपने मकान का निर्माण कार्य आगे बढ़ा सकेंगे। इससे गरीब परिवारों के अपने पक्के घर के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।






