शिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसौर के छात्र-छात्राओं ने पूर्ण किए हेल्थ केयर इंटर्नशिप

रायगढ़, 13 मई 2025/ हायर सेकेंडरी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी डॉ के व्ही राव एवं एडीपीओ भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुसौर में अध्ययनरत कक्षा 11वीं के हेल्थ केयर संकाय के छात्र-छात्राओं ने हाल ही में 10 दिवसीय इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण किए। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या अमरबेली केरकेट्टा द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।


            उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 से इस विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत हेल्थ केयर तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों को छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साह एवं रुचि के साथ ग्रहण कर रहे हैं। वर्ष में दो बार औद्योगिक भ्रमण की भी व्यवस्था की जाती है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थी विभिन्न अस्पतालों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करते हैं। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों ने रक्तचाप, नाड़ी तथा श्वसन दर की जांच की विधियों, प्राथमिक उपचार के सिद्धांतों,  सीपीआर देने की प्रक्रिया, पर्यावरणीय स्वच्छता बनाए रखने के उपायों तथा बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत अपशिष्ट निपटान की विधियों के बारे में व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की।

व्यावसायिक प्रशिक्षक धारिणी यदुराज ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद विद्यार्थियों में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिले हैं जैसे-स्वच्छ एवं व्यवस्थित पहनावा, व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति सजगता, कचरे का उचित निपटान तथा विद्यालय एवं घर के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की आदत। विद्यालय की प्राचार्या अमरबेली केरकेट्टा ने इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे गर्व है कि हमारे विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा के ऐसे उपयोगी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से हमारे विद्यार्थी व्यावहारिक ज्ञान अर्जित कर भविष्य में स्वरोजगार एवं रोजगार के नवीन अवसर प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय की व्यवसायिक प्रशिक्षक श्रीमती धारिणी यदुराज का विशेष मार्गदर्शन रहा। समापन कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना की।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button