
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोसीर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल से अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 7.20 लीटर देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 53,200 रुपये बताई गई है।
कोसीर से भाटागांव की ओर ले जा रहे थे शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को कोसीर पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में देशी शराब रखकर कोसीर से भाटागांव की ओर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AJ 9684 को रोका। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अलग-अलग मात्रा में देशी शराब बरामद हुई।
7.20 लीटर शराब और मोटरसाइकिल जब्त
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 20 नग सीलबंद प्लेन देशी मदिरा, कुल 3.60 लीटर, जिसकी कीमत 1,600 रुपये बताई गई है, तथा एक सिल्वर रंग की प्लास्टिक थैली में रखी 14 नग प्लेन देशी मदिरा, कुल 2.520 लीटर, कीमत 1,120 रुपये बरामद की गई। इसके अलावा 6 नग अन्य शराब, कुल 1.08 लीटर भी जब्त की गई।
पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो पैशन प्लस मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 50,000 रुपये है, को भी जब्त किया। इस तरह शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल 53,200 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार बंजारे (37 वर्ष), पिता जनीराम बंजारे, निवासी ग्राम पंडरीपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, तथा दिलीप कुमार बंजारे (38 वर्ष), पिता अमृतलाल बंजारे, निवासी ग्राम पंडरीपाली, थाना सरसीवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ सुनील शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल तथा सारंगढ़ एसडीओपी गोविंद दीवान के नेतृत्व में की गई। पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के परिवहन एवं कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।






