
.रायगढ़// हाल ही में दिवंगत हुए रमेश चौहान के मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर चौहान समाज के लोग रायगढ़ में महापौर जीवर्धन चौहान के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। समाज के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की गहन जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान रमेश चौहान की पत्नी और उनके बच्चे भी मौजूद रहे।
समाज के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले रमेश चौहान की पुलिस कस्टडी में मारपीट की गई थी जिसके उसकी हालत गंभीर हो गई थी और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार और समाज के लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। इसी को लेकर चौहान समाज के प्रतिनिधि महापौर के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान रमेश चौहान की पत्नी और बच्चों ने भी प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
समाज के लोगों का कहना है कि घटना की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि कलेक्टर द्वारा पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं और जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
एसएसपी ने यह भी बताया कि रमेश चौहान के परिवार की कुछ मांगें सामने आई हैं, जिनमें नौकरी से संबंधित विषय भी शामिल है। इस संबंध में परिवार द्वारा कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा गया है, जिस पर प्रशासन द्वारा नियमानुसार विचार किया जाएगा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि परिवार और समाज के लोगों द्वारा दिए गए ज्ञापन के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






