कानूनसामाजिकसुरक्षास्वास्थ्य

झोलाछाप डॉक्टर पर कार्रवाई की तैयारी, जांच टीम पहुंची तो घर से गायब मिला कथित डॉक्टर

बिना डिग्री इलाज करने और ग्रामीणों को गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने की शिकायत, टीम ने पंचनामा बनाकर की वापसी; दोबारा जांच की तैयारी

बिलाईगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना डिग्री और आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के इलाज करने वाले कथित झोलाछाप डॉक्टरों का मामला लगातार सामने आ रहा है। ऐसा ही एक मामला विकासखंड बरमकेला क्षेत्र से सामने आया है, जहां ग्राम बिलाईगढ़-अ में कथित झोलाछाप डॉक्टर पुरुषोत्तम पटेल के खिलाफ शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही संबंधित डॉक्टर घर से गायब हो गया।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि पुरुषोत्तम पटेल बिना डिग्री के लोगों का इलाज कर रहा है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों के घुटनों में सुई लगाकर गलत तरीके से उपचार किए जाने की भी शिकायत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डॉ. अवधेश पाणिग्राही ने जांच के लिए एक टीम गठित की।

जांच टीम जब गांव पहुंची तो कथित डॉक्टर अपने घर पर मौजूद नहीं मिला। टीम ने उसके घर पहुंचकर जांच करने का प्रयास किया, लेकिन वहां से कोई सुई, टैबलेट अथवा अन्य चिकित्सकीय उपकरण बरामद नहीं हुए। इसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार किया और वापस लौट गई।

क्लिनिक दूसरे मोहल्ले में संचालित होने की जानकारी

बताया जा रहा है कि संबंधित डॉक्टर का क्लिनिक उसके आवास से अलग दूसरे मोहल्ले में संचालित होता है। ऐसे में जांच टीम के घर पहुंचने के बजाय क्लिनिक में छापेमार कार्रवाई करने पर महत्वपूर्ण जानकारी और चिकित्सकीय सामग्री मिलने की संभावना थी। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर कुछ भी बरामद नहीं हुआ।

बीएमओ डॉ. अवधेश पाणिग्राही ने बताया कि वे फिलहाल छुट्टी पर हैं। टीम को दोबारा जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच टीम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ शर्मा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोदा के सेक्टर प्रभारी शामिल रहे।

अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग की अगली जांच में क्या कार्रवाई होती है और ग्रामीणों की शिकायत पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button