
राउत नाचा शौर्य कार्यक्रम में प्रदेशभर के नाचा दलों को किया जाएगा आमंत्रित, यादव समाज की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
रायगढ़। यादव समाज के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक मड़ाई महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में यादव सामुदायिक भवन में समाज के प्रमुख एवं प्रतिष्ठित सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 27 दिसंबर 2026 को भव्य मड़ाई महोत्सव एवं राउत नाचा शौर्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में इस वर्ष के आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आशीष यादव को सौंपी गई। समाज के सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें राउत नाचा महोत्सव 2026 का अध्यक्ष नियुक्त किया। इस दौरान कार्यक्रम की प्रारंभिक रूपरेखा पर चर्चा करते हुए प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों से अधिक से अधिक राउत नाचा दलों को आमंत्रित करने पर सहमति बनी।
समाज के लोगों ने कहा कि मड़ाई महोत्सव यादव समाज की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान का प्रतीक है। हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी सदस्य मिलकर प्रयास करेंगे।
अगली बैठक में होगा कार्यकारिणी का गठन
आयोजन की आगामी तैयारियों को लेकर जल्द ही दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का गठन किया जाएगा। इसके बाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य शुरू होगा।
समाज के दिवंगत सदस्यों को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान यादव समाज के प्रतिष्ठित सदस्य सुरेश यादव कुटेला एवं बलराम यादव गढ़मरिया के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित समाजजनों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बैठक में आशीष यादव, गणेश यादव, अमित यादव, विकास ठेठवार, श्रीपाल यादव, महेंद्र यादव, अनिल यादव, दुर्गेश यादव, आशा यादव, दिलीप यादव, पंकज यादव, लता यादव, आलेख राम यादव, रवि यादव, खोपेंद्र यादव, शिव यादव एवं सागर यादव सहित यादव समाज के अनेक प्रतिष्ठित सदस्य उपस्थित रहे।






