कानूनव्यापारसामाजिकसुरक्षा

रायगढ़ में प्रशासन का बड़ा एक्शन! सुविधाओं में लापरवाही पर 8 पेट्रोल पंप सील, संचालकों में मचा हड़कंप

शौचालय, शुद्ध पेयजल और निःशुल्क हवा जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने पर कार्रवाई, आगामी आदेश तक बंद रहेगा पेट्रोल-डीजल का विक्रय

राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण, नियमों का उल्लंघन करने वाले पंप संचालकों पर प्रशासन ने दिखाई सख्ती

रायगढ़। जिले में पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी और नागरिक सुविधाओं की अनदेखी पर जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं में कमी और निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 पेट्रोल पंपों का विक्रय आगामी आदेश तक बंद कर सील करने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से जिले के पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न पेट्रोल-डीजल पंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, वाहनों में निःशुल्क हवा भरने की सुविधा सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की जांच की गई। निरीक्षण में कई स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं मिलने और नियमों का उल्लंघन सामने आने पर प्रशासन ने संबंधित पंपों के खिलाफ कार्रवाई की।

नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, इन पंपों पर हुई कार्रवाई

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स (अंजोरीपाली, खरसिया), नरेंद्र केएसके (राजपुर), एमएस हेमकुण्ड फ्यूल्स (कुरमापाली, रायगढ़), मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स (जूटमिल, रायगढ़) तथा बाबा फिलिंग स्टेशन (धरमजयगढ़) सहित संबंधित पेट्रोल पंपों के विरुद्ध विक्रय बंद करने की कार्रवाई की गई है।

बताया गया कि संबंधित प्रतिष्ठानों में मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा एलओआई की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

सिर्फ पेट्रोल-डीजल बेचना काफी नहीं, ग्राहकों को सुविधाएं देना भी जरूरी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंप केवल ईंधन बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि आम नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले सार्वजनिक सेवा स्थल भी हैं। प्रत्येक पेट्रोल पंप में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन और हाइजीन व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित होनी चाहिए।

इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, निःशुल्क एयर सुविधा, फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत एवं सुझाव पेटी तथा फोन और आपातकालीन संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

तेल कंपनियों और संचालकों को भी अल्टीमेटम

प्रशासन ने संबंधित तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों को सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सड़क किनारे स्थित पेट्रोल पंपों के एप्रोच एरिया में भी सुधार करने को कहा गया है, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।

ए-साइट पेट्रोल पंपों में तेल कंपनियों तथा बी-साइट पेट्रोल पंपों में डीलर और संचालकों को शौचालय सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

अब निगरानी के घेरे में जिले के सभी पेट्रोल पंप

इस कार्रवाई के बाद साफ संकेत है कि जिला प्रशासन पेट्रोल पंपों पर नागरिक सुविधाओं की अनदेखी को अब बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में पेट्रोल पंपों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि जिन पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई हुई है, वहां व्यवस्थाएं कब तक दुरुस्त होंगी और जिले के बाकी पेट्रोल पंप प्रशासन के तय मानकों पर कितने खरे उतरते हैं?

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button