कानूनव्यापारसामाजिकसुरक्षा

खरसिया में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! दो ठिकानों पर छापा, 46 क्विंटल धान जब्त

कोचियों और बिचौलियों पर प्रशासन की पैनी नजर, 115 कट्टी धान अवैध रूप से भंडारित मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई

रायगढ़/खरसिया। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान भंडारण और कारोबार करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने खरसिया क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर कुल 46 क्विंटल यानी 115 कट्टी धान अवैध रूप से भंडारित पाया। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने और कोचियों-बिचौलियों के जरिए होने वाले अवैध परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में जांच अभियान चलाया जा रहा है।

छपरीगंज में 18 क्विंटल, काफरमार में 28 क्विंटल धान मिला

संयुक्त जांच दल ने पहली कार्रवाई खरसिया के छपरीगंज में की। यहां निवासी विक्की अग्रवाल के यहां निरीक्षण के दौरान 45 कट्टी यानी 18 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।

वहीं दूसरी कार्रवाई खरसिया क्षेत्र के काफरमार में वरुण तिवारी के प्रतिष्ठान पर की गई। जांच के दौरान यहां 70 कट्टी यानी 28 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाया गया। इस मामले में भी संबंधित के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट रूप से धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी तेज की गई है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अब बड़ा सवाल यह है कि जिले में चल रहे इस अभियान के दौरान अवैध धान कारोबार से जुड़े और कितने ठिकाने जांच के दायरे में आते हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 1 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button