कानूनक्राइमसामाजिकसुरक्षास्वास्थ्य

खबर का बड़ा असर: झोलाछाप क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग की रेड, दवाइयां-इंजेक्शन जब्त; खबर छपते ही जागा महकमा!

बरमकेला के बिलाईगढ़-अ में पुरुषोत्तम पटेल के कथित क्लिनिक पर जांच टीम की दबिश, टेबलेट, सुई और डिस्पोजल सामग्री बरामद

मानिकपुर बड़े से गोबरसिंहा और तौंसीर तक संदिग्ध क्लिनिकों की जांच की उठी मांग, क्या अब पूरे क्षेत्र में चलेगा कार्रवाई का अभियान?

सारंगढ़-बिलाईगढ़/बरमकेला। ग्रामीणों की सेहत से कथित खिलवाड़ और बरमकेला क्षेत्र में बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के इलाज किए जाने के मामले को लेकर प्रकाशित खबर का आखिरकार बड़ा असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और 25 नवंबर को जांच टीम ने ग्राम बिलाईगढ़-अ में पुरुषोत्तम पटेल के कथित क्लिनिक पर दबिश दी। जांच के दौरान टीम ने टेबलेट, इंजेक्शन लगाने की सुई और डिस्पोजल सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य संदिग्ध क्लिनिकों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दरअसल, विकासखंड बरमकेला के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से कथित झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा इलाज किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग बिना मान्यता और आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के गंभीर बीमारियों का इलाज करने का दावा कर रहे हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे थे। इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए 25 नवंबर को खबर प्रकाशित की गई, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची।

खबर प्रकाशित होते ही पहुंची जांच टीम, दवाइयां और सामग्री जब्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच टीम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ शर्मा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोंदा के सेक्टर प्रभारी संतोष प्रधान तथा सेक्टर पर्यवेक्षक दुर्गेश मेहर शामिल रहे। टीम ने संबंधित क्लिनिक का निरीक्षण किया और वहां से टेबलेट, सुई एवं डिस्पोजल सामग्री बरामद कर जब्त की।

जांच अधिकारी के अनुसार, मामले का जांच प्रतिवेदन तैयार कर खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को सौंपा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच से पहले हट गए चिकित्सकीय उपकरण? उठ रहे कई सवाल

बताया जा रहा है कि संबंधित क्लिनिक में घुटने के दर्द सहित अन्य बीमारियों का इलाज किए जाने की शिकायतें थीं। लेकिन जांच के दौरान कोई विशेष चिकित्सकीय उपकरण बरामद नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जांच टीम के पहुंचने से पहले ही वहां से उपकरण और अन्य सामग्री हटा दी गई थी? हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब विभाग को इस पहलू की भी गंभीरता से जांच करनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

सिर्फ एक क्लिनिक पर कार्रवाई क्यों? इन गांवों में भी जांच की मांग

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने मांग उठाई है कि जांच का दायरा केवल बिलाईगढ़-अ तक सीमित नहीं रहना चाहिए। मानिकपुर बड़े, साल्हेओना, गोबरसिंहा, बोंदा, तौंसीर और बड़े नवापारा सहित आसपास के गांवों में संचालित संदिग्ध क्लिनिकों की भी जांच की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि कहीं भी बिना आवश्यक योग्यता के लोगों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है, तो ऐसे मामलों में तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। आखिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने की छूट कब तक मिलेगी?

जांच अधिकारी ने क्या कहा?

डॉ. ऋषभ शर्मा, जांच अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर संबंधित क्लिनिक की जांच की गई। जांच के दौरान टेबलेट, सुई और डिस्पोजल सामग्री बरामद हुई है। जांच प्रतिवेदन तैयार कर बीएमओ को सौंपा जाएगा।

अब विभाग की असली परीक्षा शुरू!

खबर के बाद हुई इस कार्रवाई से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल कार्रवाई के अंजाम तक पहुंचने का है। जब्त दवाइयों की जांच, संबंधित व्यक्ति की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय योग्यता, क्लिनिक के पंजीयन और मरीजों को दिए जा रहे उपचार के तरीके की विधिवत जांच जरूरी है।

यदि जांच में नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग बरमकेला के अन्य गांवों में संचालित संदिग्ध क्लिनिकों पर भी कार्रवाई का शिकंजा कसता है या फिर यह अभियान केवल एक क्लिनिक की जांच तक सिमटकर रह जाएगा। ग्रामीणों को अब आश्वासन नहीं, धरातल पर ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button