कानूनक्राइमपर्यावरण

खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार! अवैध उत्खनन करते पकड़े गए 4 ट्रैक्टर, मचा हड़कंप

टुण्डरी में चूना पत्थर तो पिहरा में रेत का हो रहा था अवैध उत्खनन, खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में खनिज संपदा की अवैध लूट पर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी और औचक निरीक्षण कर रही हैं। इसी कड़ी में 26 नवंबर को बिलाईगढ़ और सरिया तहसील क्षेत्र में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई की गई।

टुण्डरी में चूना पत्थर का अवैध उत्खनन, दो ट्रैक्टर जब्त

पहली कार्रवाई तहसील बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्राम टुण्डरी में की गई। यहां खनिज एवं राजस्व विभाग बिलाईगढ़ की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान गौण खनिज चूना पत्थर के अवैध उत्खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों को पकड़ा। दोनों वाहनों को जब्त कर ग्राम पंचायत टुण्डरी के सरपंच के सुपुर्द किया गया।

पिहरा में रेत के अवैध उत्खनन पर कार्रवाई

वहीं दूसरी कार्रवाई तहसील सरिया के ग्राम पिहरा में की गई। यहां खनिज अमले ने निरीक्षण के दौरान साधारण रेत के अवैध उत्खनन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। इन वाहनों को भी ग्राम पंचायत पिहरा के सरपंच के सुपुर्द किया गया।

इस तरह दोनों स्थानों पर कुल चार ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

खनिज नियमों के तहत होगी सख्त कार्रवाई

खनिज विभाग द्वारा यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज संपदा के संरक्षण और अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए निगरानी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि जिले में अवैध उत्खनन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन की यह मुहिम आगे कितनी प्रभावी साबित होती है? फिलहाल चार ट्रैक्टरों की जब्ती से अवैध खनन के कारोबार में शामिल लोगों को स्पष्ट संदेश जरूर मिल गया है कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button