
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, मंच से लेकर सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था तक की समीक्षा
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगामी 30 नवंबर को सारंगढ़ जिला मुख्यालय में प्रस्तावित दौरा जिले की सियासत और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। खेल भाठा मैदान में प्रस्तावित भूमिपूजन, लोकार्पण एवं आमसभा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी कड़ी में गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने खेल भाठा मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
मंच, पार्किंग, हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच निर्माण, अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग स्थल, आवागमन मार्ग और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए लगाए जाने वाले स्टॉल की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
कलेक्टर ने समय-सीमा में तैयारी पूरी करने के दिए निर्देश
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
एसपी ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
वहीं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वाहन पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों के आवागमन को सुचारु रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम सारंगढ़ डी.एस. राजपूत, डिप्टी कलेक्टर विजय सिंह राणा, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एसडीओपी सारंगढ़, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अब सबकी निगाहें 30 नवंबर पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे में विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण और आमसभा को लेकर जिलेवासियों में भी उत्सुकता बनी हुई है।






