
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 24 जनवरी 2024/ भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री के एल चौहान के नेतृत्व में 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सारंगढ़ में 25 जनवरी 2024 को सुबह 10 बजे किया जाएगा। सारंगढ़ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पारुल श्रीवास्तव इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हैं। जिले के सभी मतदान केंद्र में नये मतदाताओं को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई जाएगी। वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने के साथ ही लोकतंत्र में उन्हे सक्रिय रूप से भाग लेने की पात्रता अब है। इसे गंभीरता से लेते हुए बेहतर समाज के निर्माण हेतु मतदान प्रक्रिया मे भाग ले सकते हैं। युवा मतदाताओं को लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखने, देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, मतदान करने की शपथ दिलायी जाएगी। साथ ही धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया जाएगा। कार्यक्रम में इसके साथ ही स्वीप कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।






