
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला स्तरीय समिति गठित, निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में होगी छापेमार जांच; नियमों का उल्लंघन मिलने पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़/सुधीर चौहान। जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना वैध पंजीयन चिकित्सा का कार्य करने वालों के खिलाफ अब जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने जिले में अवैधानिक चिकित्सा गतिविधियों पर शिकंजा कसने का निर्णय लिया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने जिला स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और अन्य चिकित्सा संस्थानों की जांच करेगी।
बिना पंजीयन क्लीनिक चलाने वालों पर होगी छापेमार कार्रवाई
प्रशासन द्वारा गठित समिति विभिन्न विकासखंडों में चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण करेगी। इस दौरान अस्पतालों एवं क्लीनिकों के वैध पंजीयन, संचालन की अनुमति, चिकित्सकों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता, प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की बारीकी से जांच की जाएगी।
इसके साथ ही नर्सिंग होम एक्ट के निर्धारित प्रावधानों एवं मापदंडों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। जांच में अनियमितता अथवा अवैध संचालन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों और अनधिकृत रूप से चिकित्सा कार्य करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध छापेमार कार्रवाई करते हुए नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं जीवन की सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता और वैध पंजीयन के इलाज करना लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। कई बार जानकारी के अभाव में लोग अनधिकृत व्यक्तियों से उपचार करा लेते हैं, जिससे उनकी बीमारी और अधिक गंभीर होने की आशंका रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैधानिक चिकित्सा गतिविधियों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान चलाया जाएगा।
मरीज भी रहें सतर्क, इलाज से पहले अस्पताल और डॉक्टर की करें जांच
सीएमएचओ ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों या विधिवत पंजीकृत निजी अस्पतालों में ही उपचार कराएं। निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में इलाज कराने से पहले संबंधित संस्थान का पंजीयन तथा चिकित्सक की वैध योग्यता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
यदि जिले में कहीं भी अवैध क्लीनिक संचालित होने अथवा अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा चिकित्सा कार्य किए जाने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर भी जोर
जिला प्रशासन के अनुसार राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य शासकीय संस्थानों के माध्यम से नागरिकों को चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण एवं जांच की जाएगी। नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अब देखना होगा कि जिले के शहरी क्षेत्रों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक संचालित अवैध क्लीनिकों पर यह अभियान कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है। फिलहाल प्रशासन के इस कदम से बिना पंजीयन चिकित्सा कारोबार संचालित करने वालों में हड़कंप मचने की संभावना है।






