
50 बोरियों में छिपाकर रखा गया था धान, मंडी विभाग की जांच में खुला मामला; मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई, कोचियों और बिचौलियों पर प्रशासन की पैनी नजर
रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण और कारोबार के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम कारीछापर में मंडी विभाग की जांच टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया है। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
50 बोरियों में मिला 20 क्विंटल धान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को मंडी विभाग की जांच टीम ने ग्राम कारीछापर, घरघोड़ा स्थित जनक निषाद के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान में रखी 50 बोरियों की जांच की गई, जिसमें कुल 20 क्विंटल धान भंडारित पाया गया। जांच में भंडारण को अवैध पाए जाने पर मंडी विभाग ने मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए धान जब्त कर लिया।
कोचियों और बिचौलियों पर प्रशासन की पैनी नजर
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। विशेष रूप से अवैध धान के भंडारण, परिवहन और उपार्जन केंद्रों में कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने की गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर लगातार जांच अभियान
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में मंडी विभाग द्वारा नियमित रूप से प्रतिष्ठानों और संदिग्ध स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी और अवैध भंडारण को लेकर निगरानी लगातार जारी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में जांच अभियान के दौरान और कितने मामले सामने आते हैं।






