कानूनक्राइम

जिपं. सदस्य पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का गंभीर आरोप: वनरक्षक ने थाने में की शिकायत

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गोमार्डा अभ्यारण्य में पदस्थ वनरक्षक ने जिला पंचायत सदस्य हरिहर जायसवाल के खिलाफ फोन पर अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए बरमकेला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना के बाद विभागीय अमले में भी हलचल देखी जा रही है।

सरकारी कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद

शिकायत के अनुसार वनरक्षक हीरालाल चौधरी ने बताया कि 12 फरवरी 2026 को चांटीपाली वृत्त के मल्दा परिसर में जंगल क्षेत्र से पत्थर के अवैध परिवहन का मामला सामने आया था। इस दौरान हरिहर जायसवाल के ट्रैक्टर से पत्थर लोडिंग करते हुए पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया और आगे की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया था। इसी कार्रवाई के बाद से विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।

फोन कॉल में गाली-गलौज और धमकी का आरोप

वनरक्षक ने आरोप लगाया है कि 15 मार्च 2026 को शाम 4:37 बजे हरिहर जायसवाल ने उन्हें फोन कर अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि हरिहर जायसवाल ने बस्तर ट्रांसफर कराने की बात कही और चुनौती देते हुए कहा कि मैं दुबारा झीलगीटार के जंगल से पत्थर निकलूंगा दम है तो पकड़ के दिखाना।

विभागीय कर्मचारियों को लेकर भी अभद्र टिप्पणी

मामले में यह भी सामने आया है कि बातचीत के दौरान वन विभाग के एक अन्य कर्मचारी का नाम लेकर भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी का माहौल है।

खुद को बताया खतरे में, मांगी सुरक्षा

वनरक्षक ने अपनी शिकायत में स्पष्ट कहा है कि आरोपी प्रभावशाली व्यक्ति है और उनसे जान का खतरा है। उन्होंने आशंका जताई है कि कभी भी उन्हें शारीरिक नुकसान पहुंचाया जा सकता है। ऐसे में उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

साक्ष्य के रूप में ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी

शिकायत के साथ वनरक्षक ने फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। इस साक्ष्य के आधार पर मामले की जांच को अहम माना जा रहा है।

पुलिस जांच के बाद होगी कार्रवाई

वनरक्षक द्वारा बरमकेला थाना में दिए गए आवेदन के बाद अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button