
रायपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष संघ की दो दिवसीय बैठक रायपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई, जिसमें संघ के कार्यों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश भर के जिला पंचायत अध्यक्षों ने भाग लिया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष माननीय संजय भूषण पाण्डेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संघ के गठन के बाद कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने बताया कि सभी जिला पंचायत अध्यक्षों की सुरक्षा के लिए पत्र जारी किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप अधिकांश अध्यक्षों को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध हो चुके हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले जिला पंचायत अध्यक्षों को विकास कार्यों की छायाप्रति नहीं मिलती थी, लेकिन संघ के प्रयासों से अब उन्हें विकास कार्यों की प्रतिलिपि मिलने लगी है। इसके अलावा, गौण खनिज संवितरण नियम में संशोधन हेतु संघ द्वारा दिया गया प्रस्ताव अंतिम चरण में है, जो पंचायत विभाग से आगे बढ़कर माइनिंग विभाग में प्रक्रिया में है और जल्द ही पूर्ण होने की उम्मीद है। बैठक में सुविधा वृद्धि एवं अन्य मांगों पर भी चर्चा की गई, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला है। संघ के प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया, जिनमें माननीय विष्णुदेव साय, माननीय डॉ. रमन सिंह, माननीय ओपी चौधरी, माननीय अरुण साव, माननीय किरण सिंह देव माननीय केदार कश्यप, माननीय धरम लाल कौशिक एवं माननीय टंकराम वर्मा शामिल हैं। बैठक के अंत में अगली बैठक अचानकमार टाइगर रिजर्व में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय जी, संघ के संरक्षक माननीय नवीन अग्रवाल जी सहित बड़ी संख्या में जिला पंचायत अध्यक्ष उपस्थित रहे।






