कार्यक्रमनृत्यमनोरंजनसंस्कृति

जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रमः पंथी नृत्य में घरघोड़ा एवं राऊत नाचा में पुसौर रहे प्रथम

विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले का करेंगे प्रतिनिधित्व

नगर निगम ऑडिटोरियम रायगढ़ में आयोजित हुआ जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम

14 विधाओं में प्रतिभागियों ने दिखाई बहुआयामी प्रतिभा

रायगढ़, 17 दिसम्बर 2025/ जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन नगर पालिक निगम ऑडिटोरियम रायगढ़ में उत्साह और उमंग के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में घरघोड़ा एवं पुसौर के प्रतिभागियों की धूम रही। घरघोड़ा के प्रतिभागियों ने जहां छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकनृत्य पंथी नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं पुसौर के प्रतिभागियों ने राऊत नाचा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस उत्सव में जिलेभर से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता करते हुए 14 विधाओं में अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ नगर पालिक निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद विधिवत प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इस प्रतियोगिता में सामूहिक लोक नृत्य, लोकगीत, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुवा नृत्य, कर्मा नृत्य, वाद-विवाद, कहानी लेखन, कविता लेखन, चित्रकला, नवाचार (विज्ञान मेला), एकांकी, पारंपरिक वेशभूषा एवं रॉक बैंड का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह युवा उत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, सांस्कृतिक चेतना और आत्मविश्वास को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों से आए युवाओं को अपनी कला और हुनर प्रस्तुत करने का यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने युवाओं को आगे बढ़ने और निरंतर प्रयास करने के लिए शुभकामनाएं दीं। सभापति श्री डिग्रीलाल साहू ने कहा कि इस मंच के माध्यम से युवाओं के मानसिक विकास के साथ-साथ उनकी प्रस्तुति क्षमता को भी निखारने का अवसर मिलता है। युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं और उनके आगे बढ़ने से ही देश का विकास संभव है।

कार्यक्रम के समापन में जिला पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल ने जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया और राज्य स्तरीय खेल में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के समापन में डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी श्री धनराज मरकाम ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, पार्षद नरेश पटेल, संगीता यादव, अमरनाथ, ज्योति यादव, अन्नु सारथी एवं पार्षद प्रतिनिधि बजरंग खड़िया, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे। निर्णायक दल में शरद वैष्णव, चित्रांशी पणिकर, गोपाल शर्मा, सुधा देवांगन, आशा किरण मेहर, रविन्द्र चौबे, भोजराम पटेल, रश्मि वर्मा, मनोज श्रीवास्तव, सुशील पटेल, श्रीमती नलिनी शर्मा मौजूद रहे।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में ये रहे विजेता

जिला स्तरीय युवा उत्सव अंतर्गत पंथी नृत्य में विकासखण्ड घरघोड़ा प्रथम स्थान पर रहे। इसी तरह राउत नाचा में पुसौर-प्रथम, सुआ नृत्य में प्रथम-जानकी कालेज ऑफ एजुकेशन, करमा नृत्य में जय ग्रुप तमनार-प्रथम, जानकी ग्रुप ऑफ एजुकेशन धनुआरडेरा-द्वितीय एवं सेंट मेरी स्कूल महापल्ली-तृतीय स्थान पर रहें। साथ ही लोकगीत में जतिन मालाकार एवं ग्रुप पुसौर-प्रथम, नेहा मानिकपुरी-द्वितीय एवं आदि किशन एवं ग्रुप बडे़ भंडार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता में मयंक दास-प्रथम, राधिका खड़िया-द्वितीय एवं संग्राम तृतीय रहे। कहानी में अभिषेक सोनी-प्रथम, कृतिका निषाद-द्वितीय एवं श्रुति शर्मा-तृतीय स्थान पर रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में सुप्रिया वर्मा (पक्ष)-प्रथम, शिवांगिनी तिवारी (विपक्ष)-द्वितीय एवं बिंदिया गुप्ता (पक्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button