
12 मरीजों का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन, 51 जरूरतमंदों को बांटे गए निःशुल्क चश्मे
नदिगांव। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत नदिगांव के सरपंच एवं संबलपुर स्थित त्रीलोचन नेत्रालय के संयुक्त सहयोग से गांव में कंप्यूटर आधारित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 84 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 12 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया, वहीं 51 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
नेत्रालय की टीम ने मरीजों को दिया परामर्श
शिविर में त्रीलोचन नेत्रालय, संबलपुर की ओर से डॉ. अच्युत मिश्रा, अर्चिता लुहा, तृप्ति मिहिर, सुमंत भोई एवं महेश साहू उपस्थित रहे। नेत्रालय की टीम ने आधुनिक कंप्यूटर आधारित तकनीक से मरीजों की आंखों की जांच की तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव में ही नेत्र जांच एवं उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ मिला।

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नदिगांव के सरपंच गौरीशंकर बिश्वाल, उपसरपंच दृष्टिदेव प्रधान, संपद यादव, गोवर्धन यादव, गायनान बिश्वाल, विकास बिश्वाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में सरपंच गौरीशंकर बिश्वाल एवं समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जनहितकारी पहल की ग्रामीणों ने की सराहना
निःशुल्क नेत्र जांच शिविर के आयोजन से ग्रामीणों को आंखों की जांच कराने और आवश्यक उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए यह शिविर लाभकारी साबित हुआ। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता जताई।
स्वतंत्र भारत न्यूज़ 24 | जनहित की खबर, जनता की आवाज।






