बिहान समूह में 10 लाख रुपये की राशि को लेकर विवाद,PRP पर गंभीर आरोप;CLF पदाधिकारियों ने जिला पंचायत CEO से की शिकायत,बिना प्रस्ताव व रसीद के नकद राशि मांगने,धमकी देने और वित्तीय अनियमितताओं के लगाए आरोप,निष्पक्ष जांच की मांग

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरकार द्वारा बिहान योजना के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न गतिविधियों के लिए ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसी बीच जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत प्रार्थना क्लस्टर संगठन (CLF) पवनी में राशि के लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है।CLF पवनी की अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित महिला पदाधिकारियों ने PRP आशा साहू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को लिखित शिकायत सौंपी है।

शिकायत में राशि के कथित दुरुपयोग, बिना रसीद नकद भुगतान की मांग, दबाव बनाने और पद से हटाने की धमकी देने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।10 लाख रुपये की राशि को लेकर विवादशिकायतकर्ताओं के अनुसार, CLF के खाते में करीब 10 लाख रुपये की राशि बिना समूह की सहमति के डलवाई गई। आरोप है कि इसके बाद उक्त राशि को नकद रूप में निकालकर देने के लिए संगठन की पदाधिकारियों पर दबाव बनाया गया। पदाधिकारियों का कहना है कि राशि निकालने के संबंध में न तो कोई स्पष्ट लिखित प्रस्ताव दिया गया और न ही भुगतान की रसीद उपलब्ध कराई गई।
महिला पदाधिकारियों ने शिकायत में दावा किया है कि जब उन्होंने बिना दस्तावेज और रसीद के राशि देने का विरोध किया, तो उन्हें पद से हटाने तथा अन्य कार्रवाई की धमकी दी गई। साथ ही दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

इन मामलों में भी लगाए गए आरोप
शिकायत में CLF और VO (ग्राम संगठन) के आर्थिक लेन-देन को लेकर कई अन्य गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इनमें—बिना रसीद अथवा दस्तावेज के नकद राशि की मांग करने का आरोप। विरोध करने पर पद से हटाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप। VO और SHG के बैंक ऋण से संबंधित ब्याज की राशि स्वयं वसूलने का आरोप। VO और SHG के नाम से जारी चेकबुक अपने पास रखने का आरोप। कंप्यूटर एवं प्रिंटर के नाम पर कथित रूप से फर्जी फर्नीचर वाउचर तैयार कर करीब 1,48,500 रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप। बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं होने तथा संगठन के लेखा-जोखा से संबंधित दस्तावेज अपने पास रखने का आरोप।

निष्पक्ष जांच की मांग
प्रार्थना क्लस्टर संगठन पवनी की अध्यक्ष वंदना, सचिव मधुकर्ण और कोषाध्यक्ष ललिता ने जिला पंचायत CEO को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर दस्तावेजों एवं वित्तीय लेन-देन का सत्यापन कराया जाए और जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने PRP आशा साहू को प्रार्थना CLF पवनी से हटाने की मांग भी की है। अब जांच के बाद सामने आएगी वास्तविकतापूरे मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि जिला पंचायत एवं संबंधित विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जांच में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप कितने सही पाए जाते हैं।




