
लैलूंगा। विकासखंड लैलूंगा के ग्राम लिबरा में पानी टंकी का निर्माण वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने सुशासन तैहार के दौरान भी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन ठेकेदार द्वारा अब तक कार्य पूरा नहीं किया गया। स्थिति यह है कि निर्माण स्थल पर पड़ा सामान अस्त-व्यस्त हालत में जंग खा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने बस्ती की पक्की सड़क को खोदकर पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू तो किया, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया। नतीजतन कई घरों के सामने गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे ग्रामीणों के आवागमन में दिक्कत हो रही है और हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
गांव वालों का कहना है कि ठेकेदार पिछले कई महीनों से कार्य स्थल पर नजर ही नहीं आया। ग्रामसभा लिबरा में इस मुद्दे को बार-बार प्रस्ताव के रूप में उठाया गया, ठेकेदार को फोन पर भी सूचना दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर टाल दिया जाता है।
अब ग्रामीणों ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि यदि काम जल्द पूरा नहीं हुआ तो अधूरा खड़ा पानी टंकी कभी भी धंस सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उनका कहना है कि प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर कार्य पूरा कराना चाहिए, वरना वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।






