
बिलासपुर:- छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ संभाग बिलासपुर ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ का आरोप है कि नियम विरुद्ध स्थानांतरण समेत कई मुद्दों को लेकर पहले भी मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर वृत्त को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर संघ ने चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है।संभागीय अध्यक्ष प्रीतम कुमार पुराईन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि 5 मई 2026 को कार्यालयीन पत्र के माध्यम से वन कर्मचारियों की समस्याओं से विभाग को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद आज तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। इसी के विरोध में अब कर्मचारी आंदोलन की राह पर उतरने जा रहे हैं।संघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पहला चरण 13 मई को होगा, जिसमें कर्मचारी ड्यूटी के दौरान काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

इसके बाद 18 मई को भोजन अवकाश के समय मुख्य वन संरक्षक कार्यालय बिलासपुर के सामने सांकेतिक धरना दिया जाएगा।आंदोलन के तीसरे चरण में 25 मई को वन कर्मचारी एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहकर काम बंद करेंगे। वहीं मांगें पूरी नहीं होने पर आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की भी चेतावनी दी गई है।वन कर्मचारी संघ का कहना है कि बार-बार मांग रखने के बाद भी विभाग द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है, जिसके कारण कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं। संघ ने साफ कहा है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।






