
अंडर-16 और अंडर-19 छत्तीसगढ़ टीम में बनाई जगह, जिला क्रिकेट संघ ने दी बधाई
रायगढ़। क्रिकेट के क्षेत्र में रायगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जिला क्रिकेट संघ रायगढ़ के चार खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय टीमों में हुआ है। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव रामचंद्र शर्मा ने बताया कि बीसीसीआई के आदेशानुसार एवं छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निर्देश पर जिला क्रिकेट संघ रायगढ़ की अंडर-16 एवं अंडर-19 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर चार खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का अवसर मिला है।
चयनित खिलाड़ियों में अंकित मिश्रा ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर छत्तीसगढ़ की अंडर-19 टेस्ट टीम में स्थान बनाया है। वहीं अनूप चौबे (तेज गेंदबाज) और चंद्रप्रकाश साहू (ऑलराउंडर) का चयन छत्तीसगढ़ की अंडर-16 टीम में हुआ है। इसके अलावा अंकुश कुमार ने अंडर-19 के एलीट मैचों के लिए प्लेट कंबाइंड टीम में जगह बनाई है।
इन खिलाड़ियों के चयन पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष संतोष पांडेय एवं सचिव रामचंद्र शर्मा सहित वरिष्ठ खिलाड़ियों और क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
बधाई देने वालों में वरिष्ठ खिलाड़ी संतोष मिश्रा, महेश्वर मिश्रा, पंकज वेदर बोहिदार, जफरुल्लाह सिद्दीकी, अभिषेक गुप्ता, शानू भयानी, राजा गोरख, अमित कुंवर, महेश दधीचि, विशाल सिंघानिया, महेश वर्मा, चंद्रेश यादव, खिलेश कुमार, कोषाध्यक्ष आशीष शर्मा एवं किशोर पटनायक सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।
रायगढ़ के इन होनहार खिलाड़ियों की सफलता से जिले के युवा क्रिकेटरों को भी प्रेरणा मिलेगी। जिला क्रिकेट संघ ने उम्मीद जताई है कि ये खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी अपने प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ और रायगढ़ जिले का गौरव बढ़ाएंगे।






