कानूनक्राइमपत्रकारसामाजिकसुरक्षा

रायपुर कालीबाड़ी समिति की सभा में जमकर हंगामा, महिलाओं से अभद्रता और चार पत्रकारों से मारपीट का आरोप

पत्रकारों का मोबाइल छीनने और वरिष्ठ पत्रकार की जेब में पर्स डालकर चोरी के मामले में फंसाने की कोशिश का आरोप, कोतवाली थाने में FIR दर्ज

पीड़ित सदस्यों को ही कारण बताओ नोटिस जारी होने से भड़का आक्रोश, समिति में रजिस्ट्रार नियुक्त करने की उठी मांग

रायपुर। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी चौक स्थित ऐतिहासिक बंगाली कालीबाड़ी समिति (स्थापना वर्ष 1929) की वार्षिक जनसाधारण सभा विवादों के घेरे में आ गई है। सभा के दौरान जमकर हंगामा, गाली-गलौज और मारपीट होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला सदस्यों के साथ अभद्रता और कवरेज करने पहुंचे चार पत्रकारों के साथ मारपीट की गई। मामले में सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद बंगाली समाज के एक वर्ग और पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है।

घटना की रिकॉर्डिंग करने पर पत्रकारों से मारपीट का आरोप

जानकारी के अनुसार, कुछ पत्रकार माता काली के मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान समिति की सभा में शोर-शराबे और गाली-गलौज की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां कुछ पुरुषों द्वारा महिला सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। पत्रकारों ने जब घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की, तो कथित तौर पर 10 से 15 लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक पत्रकार का मोबाइल छीनने तथा दोबारा परिसर में आने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

वरिष्ठ पत्रकार को चोरी के मामले में फंसाने की कोशिश का आरोप

मामले में सबसे गंभीर आरोप एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ हुई कथित बदसलूकी को लेकर सामने आया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, एक वरिष्ठ पत्रकार की पैंट की जेब में जबरन दूसरे व्यक्ति का पर्स डालने की कोशिश की गई, ताकि उन्हें चोरी के झूठे मामले में फंसाया जा सके। इस घटना को लेकर पत्रकार संगठनों और स्थानीय मीडियाकर्मियों में नाराजगी देखी जा रही है।

महिलाओं की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ FIR

घटना के बाद बंगाली समाज के एक वर्ग के लोग महिलाओं और पत्रकारों के समर्थन में सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। महिला सदस्यों की शिकायत के आधार पर आशीष कांति घोष (पूर्व सचिव), आलोक डे, गौरव चक्रवर्ती, मिहिर गांगुली, शिशिर गांगुली, ऋतुराज सान्याल, रितेश चटर्जी, शिक्षेंदु सान्याल, गुंजन चक्रवर्ती, आकाश सेन शर्मा और अनिरुद्ध हाजरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

समिति में इस्तीफों का दौर, आंतरिक विवाद गहराया

इस घटना के बाद समिति के भीतर चल रही खींचतान भी खुलकर सामने आ गई है। सूत्रों के अनुसार, विवाद से आहत होकर समिति के उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और एक कार्यकारिणी सदस्य ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इस्तीफों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

समिति की सदस्य प्रतिमा चक्रवर्ती और अमिताभ राजा घोष ने आरोप लगाया कि 13 जुलाई 2025 को आयोजित सभा में पूर्व युवा कार्यकारिणी सदस्य जयदीप चक्रवर्ती की सदस्यता बहाली का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद प्रस्ताव को दबाया जा रहा था। वहीं सोहाना मोहंती ने आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष के वक्तव्य के दौरान ही पीछे से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी गई।

पीड़ितों को ही कारण बताओ नोटिस, रजिस्ट्रार नियुक्त करने की मांग

विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब आरोप सामने आए कि घटना के अगले दिन 13 नवंबर को समिति के वर्तमान पदाधिकारियों ने उन्हीं पीड़ित सदस्यों और पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी या मीडिया के सामने अपनी बात रखी थी।

बंगाली समाज के एक वर्ग ने समिति के वर्तमान प्रबंधन पर गंभीर अनियमितताओं और विवादित लोगों को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं। समाज के लोगों ने समिति के कामकाज की निष्पक्ष जांच कराने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रशासन की ओर से रजिस्ट्रार नियुक्त करने की मांग उठाई है।

फिलहाल यह मामला पुलिस जांच के दायरे में है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और समिति प्रबंधन इन आरोपों पर क्या जवाब देता है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button