
मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के यहां मिली बड़ी मात्रा में धान, सालर में भी 98 कट्टा जब्त; 21 चेकपोस्ट के जरिए प्रशासन रख रहा निगरानी
सारंगढ़-बिलाईगढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान बिलाईगढ़ में मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के यहां से 2,700 बोरी धान जब्त किया गया। वहीं सालर में भी जांच के दौरान 98 कट्टा धान की जब्ती की गई है। इन कार्रवाइयों के बाद अवैध धान कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर बिलाईगढ़ एसडीएम सुश्री शिक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीम द्वारा लगातार जांच और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में तहसीलदार भटगांव श्री प्रकाश पटेल ने साहू ट्रेडर्स, अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट और सलिहा घाट धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धान खरीदी व्यवस्था में सतर्कता बरतने तथा धान के आवागमन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

बिलाईगढ़ में 2,700 बोरी, सालर में 98 कट्टा धान जब्त
अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बिलाईगढ़ में मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के यहां से 2,700 बोरी धान जब्त किया गया। वहीं सालर में एसडीएम द्वारा की गई जांच के दौरान अवैध रूप से भंडारित 98 कट्टा धान जब्त किया गया। प्रशासन द्वारा दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिले में 21 चेकपोस्ट से निगरानी
धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में कुल 21 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। इसके अलावा जिले की 80 समितियों के अंतर्गत 95 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। इन सभी के माध्यम से धान के परिवहन और खरीदी व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी बनाना और वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा करना है।






