
भटगांव तहसील में साहू ट्रेडर्स, सलिहा घाट चेकपोस्ट और धान खरीदी केंद्र का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, अवैध कारोबार करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सारंगढ़-बिलाईगढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार, 17 नवंबर को भटगांव तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर खरीदी एवं परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं सालर में अवैध धान भंडारण की जांच के दौरान 98 कट्टा धान जब्त किया गया।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर बिलाईगढ़ एसडीएम सुश्री शिक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में तहसीलदार भटगांव श्री प्रकाश पटेल ने साहू ट्रेडर्स, अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट और सलिहा घाट धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धान खरीदी और निगरानी व्यवस्था में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
जिले में 21 चेकपोस्ट से रखी जा रही नजर
धान के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए जिले में कुल 21 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। वहीं जिले की 80 समितियों के अंतर्गत 95 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों और चेकपोस्ट के माध्यम से धान के आवागमन एवं खरीदी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सालर में 98 कट्टा धान जब्त
इसी कार्रवाई के क्रम में सालर में एसडीएम द्वारा धान के अवैध भंडारण की जांच की गई। जांच के दौरान 98 कट्टा धान जब्त किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने, अवैध रूप से धान का भंडारण करने अथवा परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और वास्तविक किसानों को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन की निगरानी जारी है।






