
पुलिस के दबाव में न्यायालय में किया आत्मसमर्पण, एक दिन की रिमांड पर पूछताछ के बाद कार, मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त
रायगढ़। दीपावली की रात पटाखा फोड़ने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन मारपीट और जबरन अपहरण जैसी वारदात में बदल गया। युवक के घर में घुसकर मारपीट करने, उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20 वर्ष), निवासी गजानंदपुरम कॉलोनी, रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद पुलिस ने एक दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की और घटना में प्रयुक्त सफेद ऑल्टो कार सहित अन्य सामान जब्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी एवं पीड़ित निमिश अग्रवाल (18 वर्ष), निवासी हण्डी चौक, रायगढ़ ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला एवं अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अरुण शर्मा और हनी अग्रवाल ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया।
अगली सुबह घर में घुसकर की मारपीट
आरोप है कि 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे जब निमिश अपने घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से वहां पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाया गया, जहां दोबारा मारपीट की गई। बताया गया कि इस घटना का वीडियो हनी अग्रवाल ने बनाया था। बाद में आरोपी युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार, मुख्य आरोपी ने किया सरेंडर
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर गली नंबर 03, कोतरारोड़, रायगढ़ को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था।
वहीं फरार आरोपियों अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस की कार्रवाई के दबाव में मुख्य आरोपी अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की।
कार समेत वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, एक मोबाइल फोन, हाथ में पहना जाने वाला स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया है। पूछताछ एवं जब्ती कार्रवाई के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।






