
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने पटेलपाली और गढ़उमरिया धान उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं और खरीदी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही खरीदी केंद्रों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के पहले दो दिनों में जिले के 11 समितियों में कुल 53 किसानों से 2,506.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं 17 नवंबर के लिए 55 किसानों को 3,374.40 क्विंटल धान विक्रय के टोकन जारी किए गए हैं।
धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने पटेलपाली और गढ़उमरिया धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, बारदाना, तौल व्यवस्था और धान के सुरक्षित भंडारण की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में पेयजल, बैठने, छांव, बारदाना और सुचारू तौल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
दो दिनों में 2,506 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरीदी के पहले दिन दो किसानों ने 638 क्विंटल धान बेचा। वहीं 16 नवंबर को 51 किसानों से 1,868.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इस तरह दो दिनों में कुल 53 किसानों से 2,506.40 क्विंटल धान खरीदा गया है।
112 केंद्रों में होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी
इस वर्ष जिले की 79 समितियों के अंतर्गत 112 धान उपार्जन केंद्रों में 84 हजार 501 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। पिछले वर्ष 69 समितियों के 105 केंद्रों में खरीदी हुई थी। इस बार 10 समितियों और 7 उपार्जन केंद्रों की बढ़ोतरी की गई है।
अवैध धान के परिवहन पर प्रशासन की पैनी नजर
धान खरीदी के दौरान अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। कोचियों-बिचौलियों तथा अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अनियमितता मिलने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तुंहर टोकन एप से घर बैठे मिलेगा टोकन
किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। किसान ओटीपी आधारित पंजीयन के बाद घर बैठे टोकन ले सकते हैं। इसके अलावा समिति स्तर पर भी टोकन जारी किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को टोकन के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से राहत मिलेगी।
17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान नहीं होगा स्वीकार
प्रशासन के अनुसार उपार्जन केंद्रों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ-सुथरा और पर्याप्त सूखा धान ही खरीदा जाएगा। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत तय की गई है। तौल इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र से होगी। प्रत्येक केंद्र में किसान हेल्पडेस्क, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
समर्थन मूल्य के तहत सामान्य धान 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि वास्तविक किसानों से पारदर्शी तरीके से धान खरीदी हो और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।






