
एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने कापू, लिप्ती धान खरीदी केंद्र और धरमजयगढ़ संग्रहण केंद्र का किया निरीक्षण, 18 नवंबर के लिए 10 केंद्रों में 61 किसानों ने कटाया टोकन
रायगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू बनाने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ अधिकारी नियमित निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को अपर कलेक्टर (एडीएम) अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने कापू तहसील के धान खरीदी केंद्र कापू एवं लिप्ती का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने धरमजयगढ़ स्थित धान संग्रहण केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। अब तक 100 किसानों से 500 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं 18 नवंबर को धान विक्रय के लिए जिले के 10 उपार्जन केंद्रों में 61 किसानों ने टोकन कटाया है। प्रशासन का जोर खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के साथ किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।
घर बैठे 24 घंटे मिलेगा धान बिक्री का टोकन
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई है। किसान गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर 24 घंटे अपनी सुविधानुसार घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को टोकन के लिए समितियों में लंबी कतार लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनके समय एवं श्रम की बचत होगी।
जोत के अनुसार टोकन की निर्धारित सीमा
ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के तहत किसानों को उनकी पंजीकृत जोत के अनुसार टोकन जारी किए जाएंगे। दो एकड़ तक के किसानों को अधिकतम एक टोकन, दो एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक के किसानों को अधिकतम दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी गई है।
किसान अपनी सुविधा और उपलब्ध धान की मात्रा के अनुसार टोकन में धान की मात्रा दर्ज कर सकते हैं। यदि किसी टोकन में किसान अपनी पूरी पात्र मात्रा का धान नहीं बेच पाता है, तो उसकी शेष पात्रता समाप्त नहीं होगी। किसान अगले टोकन में बची हुई मात्रा का धान भी बेच सकेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों और संग्रहण केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।






