
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में शासकीय जल निकासी एवं नाले की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। सारंगढ़ क्षेत्र में शासकीय बगाई नाले को पाटकर निजी जमीन के उपयोग में लेने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच, नाले का सीमांकन और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सारंगढ़ निवासी संतोष अग्रवाल द्वारा अपने निजी जमीन के समतलीकरण एवं रास्ते के उपयोग के लिए शासकीय बगाई नाले की मिट्टी डालकर उसका स्वरूप बदला जा रहा है। इतना ही नहीं, नाले को तीन अलग-अलग स्थानों पर पाटकर उस पर कथित रूप से अवैध कब्जा किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इस मामले को लेकर पूर्व में भी पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा आवाज उठाई गई थी। संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन और शिकायतें प्रस्तुत की गईं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
शासकीय जमीन का सीमांकन कर हो कार्रवाई
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए। शासकीय बगाई नाले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए राजस्व विभाग से सीमांकन कराया जाए तथा यदि जांच में अवैध कब्जा और शासकीय नाले को नुकसान पहुंचाने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में कब तक जांच शुरू करता है और शासकीय नाले को कथित अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए क्या कदम उठाता है।
नोट: यह समाचार प्राप्त लिखित शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि एवं संबंधित पक्ष का जवाब प्राप्त होना शेष है।






