सामाजिकयातायातसुरक्षा

सड़क पर गड्ढे या गड्ढों में सड़क! तौसीर से कटंगजोरी मार्ग बदहाल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर उठे सवाल

नाग मंदिर के सामने भी सड़क की बदहाल तस्वीर! तौसीर से कटंगजोरी मार्ग पर गड्ढों और जलभराव से ग्रामीण परेशान, आखिर कब होगी सड़क की मरम्मत?

तौसीर। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी तौसीर से कटंगजोरी तक की सड़क इन दिनों बदहाली का दंश झेल रही है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भरने से राहगीरों के लिए आवागमन किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।

सड़क की तस्वीरें इसकी बदहाली की पूरी कहानी बयां कर रही हैं। कहीं सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा हुआ है। कई स्थानों पर सड़क का नामोनिशान तक मिटता नजर आ रहा है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। जरा सी चूक दुर्घटना का कारण बन सकती है।

ग्रामीणों के आवागमन पर संकट

तौसीर से कटंगजोरी तक इस मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, किसानों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए यह रास्ता परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को काफी संभलकर चलना पड़ता है।

आखिर कब जागेगा जिम्मेदार विभाग?

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य गांवों तक बेहतर और सुगम सड़क पहुंचाना है, लेकिन तौसीर से कटंगजोरी मार्ग की वर्तमान तस्वीर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। आखिर इस सड़क की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है? क्या संबंधित विभाग को सड़क की बदहाली दिखाई नहीं दे रही है?

अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेकर सड़क का निरीक्षण करेंगे तथा जल्द से जल्द मरम्मत एवं नवीनीकरण की दिशा में ठोस पहल करेंगे, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

जनहित का सवाल: जब गांवों को जोड़ने वाली सड़कें ही बदहाल होंगी, तो ग्रामीण विकास के दावों का लाभ आम जनता तक कैसे पहुंचेगा?

पत्रकार सुधीर चौहान की कलम से..!

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button