
बरमकेला/डभरा। अटल चौक डभरा से भंवरपुर तक जाने वाली सड़क की हालत इन दिनों अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से आवागमन करना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और खासकर स्कूली विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की बदहाली के चलते दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का डर बना रहता है। वहीं स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को प्रतिदिन इसी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों का सफर जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस जर्जर सड़क की सुध कब लेगा? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही विभाग की नींद खुलेगी?
जनहित में मांग है कि संबंधित विभाग तत्काल सड़क का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराए, ताकि राहगीरों और विद्यार्थियों को राहत मिल सके।






