
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम सिउड में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्रवाई का विरोध कर रही एक महिला ने अधिकारियों और टीम के सामने ही कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, विजय कुमारी धीवर अपने परिवार के साथ धान खरीदी केंद्र के पास एक छोटी सी झोपड़ीनुमा मकान में रहती हैं। महिला ने उपसरपंच, धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक सहित तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मकान नहीं तोड़ने के एवज में उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। महिला का आरोप है कि मकान बनाने के बाद से ही उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था और पैसे नहीं देने पर मकान तोड़ने की धमकी दी जा रही थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार को जब अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीन के साथ टीम मौके पर पहुंची, तब विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तहसीलदार सहित कार्रवाई करने पहुंची टीम को बिना अतिक्रमण हटाए वापस लौटना पड़ा।
कार्रवाई में भेदभाव का भी आरोप
महिला के परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि गांव में कई बड़े मकान भी अतिक्रमण कर बनाए गए हैं, लेकिन कार्रवाई केवल उनके छोटे से मकान पर की जा रही है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर सभी अतिक्रमणों पर समान रूप से कार्रवाई करने की मांग की है।
50 हजार रुपये मांगने के आरोपों की जांच जरूरी
घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या महिला से वास्तव में मकान नहीं तोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई थी? क्या गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निष्पक्ष तरीके से की जा रही थी? फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
नोट: महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।






