सामाजिकशिक्षासंगठनसम्मानसम्मेलन

रायगढ़ में आदिवासी कर्मचारी संगठन के पुनर्गठन की उठी बुलंद आवाज, महिला विंग ने भी भरी हुंकार

निष्क्रिय जिला कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी गठित करने की मांग, 29 नवंबर की बैठक में प्रांताध्यक्ष आर.एन. ध्रुव को आमंत्रित करने की तैयारी

महिला कर्मचारियों ने कहा – “अब न साहिबो, बदल के रहीबो”, शोषण और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेंगे लड़ाई

रायगढ़। आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, संगठन की मजबूती और महिलाओं के साथ होने वाले कथित शोषण एवं अन्याय के खिलाफ अब रायगढ़ में आवाज तेज होने लगी है। अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ की जिला इकाई की निष्क्रियता को लेकर आदिवासी कर्मचारियों में नाराजगी सामने आई है। इसी कड़ी में जिला कार्यकारिणी को भंग कर नई एवं सक्रिय कार्यकारिणी गठित करने की मांग उठाई गई है। खास बात यह रही कि इस मुहिम को जिले की आदिवासी महिला कर्मचारियों ने भी खुलकर समर्थन दिया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

22 नवंबर 2026 को रामभांठा स्थित सरना सामुदायिक भवन में आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी एकता संगोष्ठी के तहत जिला महिला विंग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष प्रताप खलखो ने की। इस दौरान संयोजक बिनेश भगत, दीपक लकड़ा एवं विवेक तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहे।

निष्क्रिय संगठन पर उठे सवाल, अधिकारों की लड़ाई के लिए मजबूत मंच की मांग

बैठक में संचालनकर्ता दीपक लकड़ा ने वर्तमान जिला कार्यकारिणी की निष्क्रियता पर चिंता जताते हुए कहा कि आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों के हितों, अधिकारों एवं संरक्षण के लिए एक सक्रिय और मजबूत संगठन की आवश्यकता है। उन्होंने सभी विभागों में आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी प्रकोष्ठ गठित करने तथा कर्मचारियों को एक मंच पर लाकर सामूहिक रूप से समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास करने पर जोर दिया।

वहीं संयोजक बिनेश भगत ने कहा कि आदिवासी कर्मचारी-अधिकारियों को अब एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी। विशेषकर शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों में आदिवासी महिला कर्मचारियों के साथ होने वाले कथित शोषण और अत्याचार के मामलों में संगठन को मजबूती से खड़ा होना चाहिए। उन्होंने महिला कर्मचारियों से संगठन में सक्रिय भागीदारी निभाने और अन्याय के खिलाफ मुखर होने की अपील की।

प्रांताध्यक्ष आर.एन. ध्रुव से हुई चर्चा, 29 नवंबर को होगा निर्णायक मंथन

संगठन के पुनर्गठन को लेकर संयोजक मंडल ने अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के प्रांताध्यक्ष आर.एन. ध्रुव से मोबाइल पर चर्चा कर रायगढ़ जिले की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्हें 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय आम बैठक में आमंत्रित करने की पहल की गई है।

संयोजकों का कहना है कि पहली प्राथमिकता वर्तमान जिला कार्यकारिणी को सक्रिय कर उसका पुनर्गठन करना है। यदि इस दिशा में सकारात्मक पहल नहीं होती है तो आदिवासी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नए संगठन के गठन सहित अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा। संगठन पूरी पारदर्शिता, विश्वसनीयता और जवाबदेही के साथ काम करे, इस पर भी बैठक में खुलकर चर्चा हुई।

महिला कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा – मजबूत संगठन समय की जरूरत

बैठक में उपस्थित महिला कर्मचारियों ने अपने अनुभव और समस्याएं साझा करते हुए एक सशक्त आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया।

व्याख्याता शिल्पा केरकेट्टा ने संगठन में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करने और आदिवासी समाज के प्रति व्याप्त संकीर्ण सोच पर चिंता व्यक्त की। व्याख्याता विनिता केरकेट्टा ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संगठित प्रयासों से ही संभव है और उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

सहायक शिक्षक कमला प्रभा एक्का ने कहा कि आदिवासी कर्मचारी सरल और शांत स्वभाव के होते हैं, ऐसे में कई बार वे अपने अधिकारों के लिए खुलकर लड़ नहीं पाते। मजबूत संगठन उन्हें न्याय दिलाने का माध्यम बनेगा। व्याख्याता आशा भगत ने भी जिला संगठन के गठन का समर्थन करते हुए महिला विंग की ओर से सक्रिय सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।

प्रधानपाठक तेरेसा केरकेट्टा ने पदोन्नति में आरक्षण और आदिवासी समाज को मिलने वाले आरक्षण के मुद्दे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जनजाति का आरक्षण 32 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत किए जाने के मुद्दे पर भी गंभीरता से आवाज उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने सर्व आदिवासी समाज के साथ मिलकर कर्मचारी संगठन को मजबूत बनाने की बात कही। अंजू मिंज और अनिमा जॉन मिंज ने भी संगठन के गठन और सक्रियता बढ़ाने का समर्थन किया।

महिला कर्मचारियों ने निलंबन प्रकरण उठाया, न्याय की मांग को लेकर संगठन से लगाई उम्मीद

बैठक में शिक्षिका जानकी सिदार, रायगढ़ एवं दीपा तिग्गा, पुसौर ने रायगढ़ विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला गोरखा की आदिवासी महिला प्रधानपाठक के निलंबन की कार्रवाई का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कार्रवाई दुर्भावनावश की गई है। महिला कर्मचारियों ने इस प्रकरण को संज्ञान में लेकर जिला आदिवासी कर्मचारी फोरम के माध्यम से पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की।

महिला विंग ने स्पष्ट किया कि विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के साथ होने वाले कथित शोषण और अन्याय के खिलाफ अब संगठित होकर आवाज उठाई जाएगी। साथ ही संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।

प्रताप खलखो बोले – संगठन की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचती है

कार्यक्रम अध्यक्ष प्रताप खलखो ने कहा कि किसी संगठित मंच से उठने वाली आवाज शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। उन्होंने महिला कर्मचारियों से संगठन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और रायगढ़ जिले में अनुसूचित जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

26 नवंबर को संविधान दिवस, 29 नवंबर को जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन पर नजर

संगोष्ठी के अंत में संयोजक विवेक तिर्की ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी एकता मंच के बैनर तले कंवर भवन, बोईरदादर रायगढ़ में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वहीं 29 नवंबर 2026 को इसी स्थान पर अनुसूचित जनजाति अधिकारी-कर्मचारियों की जिला स्तरीय आम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रांताध्यक्ष आर.एन. ध्रुव एवं जिला अध्यक्ष फागुलाल सिदार को आमंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक का प्रमुख उद्देश्य वर्तमान जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन और नई कार्यकारिणी के विस्तार पर सामूहिक निर्णय लेना है।

संयोजक बिनेश भगत, दीपक लकड़ा, नोहर सिंह सिदार एवं विवेक तिर्की ने जिले के समस्त आदिवासी अधिकारी-कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों से 29 नवंबर की बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। बैठक में सतीश मिंज सहित किंडो सर द्वय भी उपस्थित रहे।

अब देखना होगा कि 29 नवंबर की बैठक में वर्षों से निष्क्रियता के आरोपों से घिरी जिला कार्यकारिणी को नई ऊर्जा मिलती है या रायगढ़ में एक नए आदिवासी कर्मचारी संगठन के गठन की राह तैयार होती है। फिलहाल महिला कर्मचारियों की एकजुटता ने संगठन के पुनर्गठन की मांग को नई ताकत दे दी है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button