
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं मितानिनें, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की देखभाल में निभाती हैं अहम भूमिका – तुलसी अभिमन्यु पटेल
बरमकेला/सुधीर चौहान। मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सकरतूंगा में मितानिनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने और निस्वार्थ भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाली मितानिनों को श्रीफल एवं साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर मितानिनों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीडीसी एवं सभापति तुलसी अभिमन्यु पटेल उपस्थित रहीं। उन्होंने मितानिनों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में मितानिनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे केवल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव के प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में अहम कड़ी साबित होती हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों के नियमित टीकाकरण से लेकर गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाने, जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की निगरानी तथा पोषण आहार के प्रति जागरूकता फैलाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य मितानिनें पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करती हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उनकी सेवाभावना ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती प्रदान करती है।
कार्यक्रम में बीसीसी ने भी मितानिनों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हासिल हुई उपलब्धियों के पीछे मितानिन कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मितानिनों की निस्वार्थ सेवा, मेहनत और समर्पण ने इस कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण का देशभर में एक उत्कृष्ट उदाहरण बनाया है।

उन्होंने कहा कि मितानिनें शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और ग्रामीण परिवारों के बीच मजबूत सेतु का काम करती हैं। उनके प्रयासों से गांवों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर बीडीसी एवं सभापति तुलसी अभिमन्यु पटेल, ब्लॉक समन्वयक उषा चौहान, मितानिन राधा, चम्पा, नवादाई, सावित्री, द्रिपलाल, एमटी बृंदावती चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मितानिनों का सम्मान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनके अथक परिश्रम, सेवा और समर्पण के प्रति समाज का आभार है।






