सामाजिकसम्मानसुरक्षास्वास्थ्य

मितानिनों के सम्मान में सराईपाली पंचायत ने बढ़ाया सम्मान का हाथ, श्रीफल और साड़ी भेंटकर किया सम्मानित

सरपंच सविता अजय चौहान ने कहा– ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं मितानिनें, उनके समर्पण से गांवों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं

बरमकेला/सुधीर चौहान। ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाने वाली मितानिनों के सम्मान में ग्राम पंचायत सराईपाली में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मितानिन दिवस के अवसर पर पंचायत भवन में गांव की मितानिनों को श्रीफल एवं साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सराईपाली की सरपंच सविता अजय चौहान उपस्थित रहीं। इस दौरान उन्होंने मितानिनों के सेवा, समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि बच्चों के टीकाकरण से लेकर गर्भवती महिलाओं की देखभाल, उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने, जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की निगरानी और पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने तक मितानिनें पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देती हैं। कई बार वे कठिन परिस्थितियों में भी ग्रामीण परिवारों के साथ खड़ी रहती हैं।

सरपंच सविता अजय चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों के पीछे मितानिन कार्यक्रम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मितानिनों की निस्वार्थ सेवा, मेहनत और समर्पण महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका सम्मान करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के प्रति उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है।

कार्यक्रम में सचिव भोला पटेल, उपसरपंच सीताराम पटेल, पंच मथुरा पटेल, दिलीप पटेल, विष्णुधर मालाकार, ममिता पटेल, भाभाबाई सिदार, अनीता चौहान, विमला राणा, सरस्वती पटेल, लता चौहान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

मितानिनों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा में उनके अमूल्य योगदान को एक बार फिर रेखांकित किया।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button