
संजय भूषण पाण्डेय ने दिया समाज को बड़ा संदेश, बोले- रिश्तों में परफेक्ट जीवनसाथी नहीं, आपसी विश्वास और सामंजस्य जरूरी
कोरबा/सुधीर चौहान। परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में आयोजित प्रथम वर्ष ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन में जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने अपने प्रेरक उद्बोधन से समाज को रिश्तों, संस्कारों, युवाओं के भविष्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच विश्वास, सम्मान और आजीवन संबंधों की शुरुआत है। इसलिए रिश्ते तय करते समय कमियों के बजाय आपसी समझ और सामंजस्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।
22 नवंबर को परशुराम विप्र भवन, महाराणा प्रताप चौक, बुधवारी में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने अपने परिजनों के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय भूषण पाण्डेय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे।

रिश्तों में परफेक्शन नहीं, आपसी समझ जरूरी : संजय भूषण पाण्डेय
अपने संबोधन में संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि विवाह के रिश्ते में लड़के या लड़की के अंदर हर गुण तलाशना उचित नहीं है। दुनिया में कोई भी व्यक्ति पूर्ण नहीं होता। हर इंसान में कुछ न कुछ कमियां होती हैं। जरूरी यह है कि दोनों एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करें, चुनौतियों का सामना करें और आपसी तालमेल के साथ जीवन आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि जब एक युवक और युवती विवाह के बंधन में जुड़ते हैं, तो केवल दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। इस भावना को समझकर रिश्ते तय किए जाने चाहिए। यही सोच वैवाहिक जीवन को मजबूत और स्थायी बनाती है।
बच्चों पर अपनी पसंद थोपने के बजाय उन पर भरोसा करें माता-पिता
संजय भूषण पाण्डेय ने माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देने के साथ उन पर भरोसा करना भी जरूरी है। उन्हें इतना विश्वास और अधिकार मिलना चाहिए कि वे अपने जीवन के महत्वपूर्ण फैसले समझदारी से ले सकें।
उन्होंने कहा कि अक्सर माता-पिता अपनी इच्छाएं और अपेक्षाएं बच्चों पर थोप देते हैं। पढ़ाई से लेकर करियर और विवाह तक हर निर्णय अपनी पसंद के अनुसार करवाने का प्रयास करते हैं। शादी के समय भी डॉक्टर, इंजीनियर या विशेष पेशे वाले जीवनसाथी की शर्तें रख दी जाती हैं। ऐसी सोच के कारण कई योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते नहीं बन पाते।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों की पसंद, योग्यता और भावनाओं को भी महत्व दें तथा परिचय सम्मेलनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
ब्राह्मण समाज को ज्ञान के साथ आर्थिक रूप से भी मजबूत बनना होगा
अपने उद्बोधन में पाण्डेय ने समाज की आर्थिक मजबूती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज में ज्ञान और बौद्धिक क्षमता की समृद्ध परंपरा रही है, लेकिन अब समय की मांग है कि समाज आर्थिक क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बनाए।
उन्होंने युवाओं को कौशल विकास योजनाओं, रोजगारपरक पाठ्यक्रमों और स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के पास रोजगार का साधन होना चाहिए। इसके लिए व्यापार, उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में भी आगे आने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि कौशल, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता समाज की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं।
परशुराम भवन को बताया समाज का गौरव
संजय भूषण पाण्डेय ने परशुराम विप्र भवन की सराहना करते हुए कहा कि देवेन्द्र पाण्डेय द्वारा भूमि दान करना समाज के लिए सराहनीय योगदान है। इतने विशाल भवन का निर्माण समाज की एकता और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है। यह परशुराम एवं विप्र समाज के लिए गौरव की बात है कि आज इतना महत्वपूर्ण आयोजन इस भवन में संपन्न हो रहा है।
प्रमोद दुबे ने दिया सहयोग का भरोसा
मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ने कहा कि रायपुर में रहने वाले समाज के किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की आवश्यकता हो तो वे सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने आत्मीयता के साथ कहा कि रायपुर में आपका एक भाई मौजूद है, जो हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा रहेगा।
समाज के गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में परशुराम ब्राह्मण समाज कोरबा के अध्यक्ष बी.के. शुक्ला, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय, मनोज कुमार शर्मा, हरीश परसाई, एसईसीएल के जनरल मैनेजर श्री द्विवेदी, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, वेद भूषण द्विवेदी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
महिला पदाधिकारियों में महिला अध्यक्ष सावित्री शुक्ला, संरक्षक कल्पना पाण्डेय, महासचिव भारती पाण्डेय, चंद्रलेखा पाण्डेय, पूर्णिमा तिवारी, शोभना परसाई, ज्योति शर्मा और आँचल शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का संचालन सी.के. शर्मा ने किया। सम्मेलन ने समाज में वैवाहिक परिचय के साथ सामाजिक एकता, आपसी सहयोग, युवाओं के भविष्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर सकारात्मक संदेश दिया। अंत में संजय भूषण पाण्डेय ने सफल आयोजन के लिए परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा को बधाई देते हुए समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।






