
कोतासुरा में दिलीप माली के इलाज पर उठे सवाल, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई का इंतजार
बिना डिग्री और वैध पंजीयन के इलाज करने का आरोप, मरीजों की परेशानी बढ़ने के बावजूद क्लीनिक संचालन जारी रहने का दावा
पुसौर। ग्राम पंचायत कोतासुरा में दिलीप माली द्वारा कथित रूप से बिना आवश्यक चिकित्सा डिग्री एवं वैध पंजीयन के मरीजों का हड्डी और नस संबंधी इलाज किए जाने का मामला लगातार सुर्खियों में है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले को लेकर खबर प्रकाशित होने और बीएमओ (खंड चिकित्सा अधिकारी) से मौखिक शिकायत किए जाने के बावजूद भी संबंधित व्यक्ति द्वारा कथित रूप से क्लीनिक का संचालन जारी रखने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, सरपंच प्रतिनिधि दिलीप माली द्वारा आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों और तेल के माध्यम से हड्डी एवं नस संबंधी समस्याओं का उपचार किया जाता है। आरोप है कि कुछ मरीजों की चोटिल अथवा क्रैक हुई हड्डियों को जोर-जोर से खींचकर बांधने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई। स्थिति बिगड़ने पर कुछ मरीजों को बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ा, जहां उन्हें सर्जरी करवाकर रॉड और प्लेट लगवानी पड़ी। इससे मरीजों को आर्थिक और शारीरिक परेशानी उठानी पड़ी।
खबर प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मामले को सार्वजनिक किया जा चुका है और बीएमओ तक मौखिक शिकायत भी पहुंचाई जा चुकी है, तो अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से मौके पर पहुंचकर जांच और आवश्यक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या संबंधित व्यक्ति के पास मरीजों का उपचार करने की वैध योग्यता और पंजीयन है? यदि नहीं, तो आखिर किस आधार पर क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है?
CMHO से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), बीएमओ पुसौर और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराने की मांग की है। जांच में संबंधित व्यक्ति की शैक्षणिक योग्यता, वैध चिकित्सा पंजीयन, उपचार की पात्रता और मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की पड़ताल की जानी चाहिए।
यदि जांच में बिना आवश्यक योग्यता या पंजीयन के चिकित्सा कार्य करने अथवा उपचार में लापरवाही की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में कब तक संज्ञान लेता है और ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है। सवाल सिर्फ एक कथित क्लीनिक का नहीं, बल्कि ग्रामीणों की जिंदगी और स्वास्थ्य सुरक्षा का है।






