
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की राजशाही दशहरा उत्सव में की गई घोषणा पूरी, जिला मुख्यालय सारंगढ़ जाने की परेशानी से मिलेगी क्षेत्रवासियों को राहत
सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ क्षेत्र के नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव के दौरान की गई अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की घोषणा को जिला प्रशासन ने अमलीजामा पहना दिया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं लगातार समीक्षा के बाद बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।
इस व्यवस्था के शुरू होने से अब बिलाईगढ़ क्षेत्र के लोगों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार जिला मुख्यालय सारंगढ़ की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही प्रशासनिक और राजस्व प्रकरणों की सुनवाई होने से आम नागरिकों, किसानों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को समय और आर्थिक खर्च दोनों में राहत मिलेगी।

प्रत्येक गुरुवार को लगेगा अपर कलेक्टर का लिंक कोर्ट
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार विकासखंड बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से न्यायालय नायब तहसीलदार कोर्ट, बिलाईगढ़ में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक गुरुवार को अपर कलेक्टर द्वारा लिंक कोर्ट लगाया जाएगा। निर्धारित दिवस पर राजस्व एवं अन्य संबंधित प्रकरणों की सुनवाई और नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेखों और प्रकरणों के साथ निर्धारित दिवस पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि न्यायालयीन एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सके।
मुख्यमंत्री की घोषणा को जमीन पर उतारने में कलेक्टर की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजशाही दशहरा उत्सव के दौरान बिलाईगढ़ क्षेत्र की जनभावनाओं और लंबे समय से उठ रही मांग को ध्यान में रखते हुए अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की घोषणा की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने इस दिशा में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को गति दी। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने समय-समय पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप कार्यालय संचालन की व्यवस्था तैयार हो सकी।
अब सारंगढ़ की दौड़ होगी कम, स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुनवाई की सुविधा
बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर के लिंक कोर्ट संचालन से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। राजस्व विवाद, जमीन संबंधी मामलों एवं अन्य प्रशासनिक प्रकरणों की सुनवाई के लिए जिला मुख्यालय तक आने-जाने में लगने वाला समय और खर्च कम होगा। इससे प्रशासनिक सेवाएं आम नागरिकों के और करीब पहुंचेंगी।
इस महत्वपूर्ण पहल के अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, बिलाईगढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी ओंकारेश्वर शरण सिंह, अधिवक्तागण, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रियान्वयन से बिलाईगढ़ क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों की नजर इस व्यवस्था के नियमित एवं प्रभावी संचालन पर रहेगी।






