
3.38 एकड़ शासकीय भूमि पर नवीन धान खरीदी केंद्र प्रस्तावित, 15 नवंबर से खरीदी शुरू होने के बावजूद केंद्र बंद; ढाबा संचालन को लेकर भी उठे सवाल, प्रशासन की कार्रवाई पर किसानों की नजर
साल्हेओना/बरमकेला। किसानों की सुविधा के लिए सरकार भले ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन बरमकेला जनपद क्षेत्र के धनीगांव में सरकारी व्यवस्था की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। यहां नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए आवंटित 3.38 एकड़ शासकीय भूमि कथित अतिक्रमण के चलते अब तक खाली नहीं हो पाई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि तहसील न्यायालय से 12 नवंबर 2026 को अंतिम बेदखली आदेश जारी होने के बावजूद जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। इसका सीधा असर क्षेत्र के करीब 400 किसानों पर पड़ता दिखाई दे रहा है, जिन्हें अपने धान की बिक्री को लेकर चिंता सताने लगी है।
कोर्ट का आदेश, प्रशासन की कार्रवाई और फिर भी कब्जा बरकरार!
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धनीगांव ने प्रस्ताव पारित कर नवीन धान खरीदी केंद्र की स्थापना के लिए खसरा नंबर 53/1 की लगभग 3.38 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित की थी। इस केंद्र के शुरू होने से आसपास की तीन ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 11 गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली थी। उन्हें धान बेचने के लिए दूर-दराज के खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी से मुक्ति मिलती।
लेकिन सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण के चलते यह योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है। मामले में तहसील न्यायालय ने 12 नवंबर 2026 को अंतिम बेदखली आदेश जारी किया। आदेश के बाद उम्मीद थी कि तत्काल अतिक्रमण हटाकर खरीदी केंद्र शुरू करने का रास्ता साफ किया जाएगा, लेकिन स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है।
राजनीतिक विरोध के बाद कार्रवाई पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि बेदखली आदेश के पालन में बरमकेला तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान कथित तौर पर एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। ग्रामीणों और किसानों का आरोप है कि सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के बजाय ढाबे को सील करने की औपचारिकता की गई।
हालांकि, किसानों का दावा है कि सील किए जाने के बावजूद ढाबा बेरोकटोक संचालित हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर प्रशासनिक कार्रवाई का असर जमीन पर क्यों दिखाई नहीं दे रहा है? क्या सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के आदेश का पालन इसी तरह होता रहेगा?
400 किसानों की परेशानी, आखिर कहां बेचेंगे धान?
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है, लेकिन धनीगांव खरीदी केंद्र अब तक शुरू नहीं होने से लगभग 400 किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
क्षेत्र के किसानों को अब दूसरे खरीदी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। इससे अतिरिक्त परिवहन खर्च, समय की बर्बादी और धान बिक्री के दौरान कई तरह की परेशानियां सामने आने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि जब उनके क्षेत्र में नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए पर्याप्त शासकीय जमीन उपलब्ध है और न्यायालय से बेदखली आदेश भी जारी हो चुका है, तो फिर उन्हें अपने ही क्षेत्र में खरीदी केंद्र की सुविधा क्यों नहीं मिल रही है?
तहसीलदार बोले- अपील के निराकरण के बाद होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले में बरमकेला तहसीलदार विवेक पटेल ने बताया कि कब्जाधारी द्वारा एक सप्ताह का समय मांगते हुए आवेदन प्रस्तुत किया गया है। एसडीएम न्यायालय में अपील का निराकरण होने के बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
विवेक पटेल, तहसीलदार, बरमकेला।
किसानों की मांग- कागजी कार्रवाई नहीं, जमीन पर दिखे प्रशासन का एक्शन
धनीगांव सहित आसपास के गांवों के किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सरकारी जमीन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और नवीन धान खरीदी केंद्र को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। किसानों का कहना है कि धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय निकलता जा रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो इसका खामियाजा सैकड़ों किसानों को भुगतना पड़ेगा।
सबसे बड़ा सवाल: आदेश जारी है तो अमल कब होगा?
धनीगांव का मामला अब केवल एक खरीदी केंद्र शुरू होने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रशासनिक कार्रवाई और सरकारी जमीन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहा है। जब बेदखली का आदेश जारी हो चुका है, तो उसके क्रियान्वयन में देरी क्यों हो रही है? क्या राजनीतिक विरोध के चलते प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावित हो रही है? और सबसे अहम सवाल यह कि 400 किसानों की धान खरीदी की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
अब किसानों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है और धनीगांव के किसानों को उनकी बहुप्रतीक्षित धान खरीदी केंद्र की सुविधा कब मिलती है।






