शिक्षासंगठनसम्मानसरकारसंस्कृति

रायगढ़ में 90 प्लस विद्यार्थियों को मेरिट सूची में पहुंचाने की तैयारी, दो दिवसीय विशेष कार्यशाला संपन्न

बोर्ड परीक्षा में टॉप करने का दिया मंत्र, विषय विशेषज्ञों ने सिखाए बेहतर उत्तर लेखन, समय प्रबंधन और तनावमुक्त पढ़ाई के गुर

रायगढ़। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में जिले का नाम प्रदेश की मेरिट सूची में दर्ज कराने के उद्देश्य से रायगढ़ विकासखंड शिक्षा विभाग ने विशेष पहल की है। इसी कड़ी में 90 प्लस अंक हासिल करने की क्षमता रखने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन सेजेस नटवर हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। 23 एवं 25 नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी, आदर्श उत्तर लेखन, समय प्रबंधन और परीक्षा में अधिकतम अंक अर्जित करने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए।

यह आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी रायगढ़ श्री संजय पटेल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को निखारकर उन्हें प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान दिलाने के लिए तैयार करना रहा।

विषय विशेषज्ञों ने बताए सफलता के मंत्र

कार्यशाला में ब्लॉक के अनुभवी एवं विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं ने अलग-अलग विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। राजेंद्र कलेत ने ऊर्जा की कमी दूर करने और तनावमुक्त अध्ययन के उपाय बताए। अभय पाण्डेय ने कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर करने तथा लक्ष्य के अनुरूप तैयारी करने पर जोर दिया। अनुपमा तिवारी ने लेखन कौशल और नियमित अभ्यास के माध्यम से समय प्रबंधन का महत्व समझाया।

जितेंद्र पटेल ने समय-सारिणी बनाकर पढ़ाई करने, प्रतिदिन के कार्यों की सूची तैयार करने और संतुलित खान-पान पर ध्यान देने की सलाह दी। वहीं उत्तर लेखन में निर्धारित शब्द सीमा का पालन करने और अंकों के अनुरूप उत्तर की लंबाई रखने की जानकारी दी गई।

अंग्रेजी विषय के व्याख्याता बिनेश भगत ने ब्लूप्रिंट आधारित तैयारी, सीबीएसई स्तर की प्रश्न शैली, साफ-सुथरे लेखन और परीक्षा हॉल में होने वाली सामान्य गलतियों से बचने के तरीके बताए। सुनील खेस ने कठिन प्रश्नों को समझकर सटीक उत्तर लिखने की तकनीक समझाई, जबकि नेहा कौशिक ने मेरिट सूची में स्थान बनाने के लिए क्या करें और क्या न करें, इस पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

पिंकी राय ने कला संकाय के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण आधार बताया और विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मीनाक्षी देवांगन ने विषयों की गंभीरता और घटनाक्रम को समझकर अध्ययन करने पर जोर दिया। राजेश पटेल ने प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।

वाणिज्य विषय के व्याख्याता दीपक मेहर ने कॉमर्स में बेहतर अंक प्राप्त करने की रणनीति के साथ विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया। शिवचरण पटेल ने आदर्श उत्तर लेखन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि उत्तर की पहली प्रस्तुति प्रभावशाली होनी चाहिए। उन्होंने प्रश्नों को क्रमवार हल करने, अनावश्यक विस्तार से बचने, सटीक उत्तर लिखने और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यशाला का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ श्री एस.एन. साहू एवं एपीसी श्री अभय पाण्डेय भी पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच उपस्थित होकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने के लिए पूरी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने का संदेश दिया।

66 विद्यार्थियों को मेरिट में स्थान बनाने का लक्ष्य

कार्यशाला संयोजक एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय पटेल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में रायगढ़ ब्लॉक के 9 से 10 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 12वीं के कुल 66 विद्यार्थी शामिल हुए।

श्री पटेल ने सभी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने बताया कि अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद ब्लॉक स्तर पर पुनः एक और विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की तैयारी को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

मेरिट का लक्ष्य, मेहनत का संकल्प: रायगढ़ विकासखंड की यह पहल विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक दिलाने तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासित अध्ययन, बेहतर परीक्षा लेखन और आत्मविश्वास के साथ प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button