सामाजिकखेलमनोरंजनराजनीतिसंस्कृति

लेन्ध्रा में श्री राधामाधव अंतर्राज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, खिलाड़ियों के जोश से गूंजा मैदान

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही और पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक ने किया शुभारंभ, उद्घाटन मुकाबले में भोपाल ने सारंगढ़ को दी शिकस्त

बरमकेला/सुधीर चौहान। ग्राम पंचायत लेन्ध्रा में खेल उत्साह, रोमांच और दर्शकों के भारी जनसमूह के बीच श्री राधामाधव अंतर्राज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। ग्राम पंचायत लेन्ध्रा के सरपंच लखपति भोय एवं दीपक चौधरी के नेतृत्व तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र में खेल उत्सव का माहौल बना दिया है। उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही एवं पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने फीता काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक एवं श्रीमती सहोद्रा सिदार उपस्थित रहीं। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत बरमकेला अध्यक्ष डॉ. विद्या किशोर चौहान, लेन्ध्रा मंडल भाजपा अध्यक्ष श्रीमती शारदा मालाकार, वरिष्ठ नेता चक्रधर पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूतनाथ पटेल, जिला भाजपा मंत्री श्रीमती विलास सारथी, जिला भाजपा सह कोषाध्यक्ष मोहन पटेल, जिला भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी चूड़ामणि पटेल, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही, महामंत्री दयाराम चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

खेल युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम: जगन्नाथ पाणिग्राही

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस तरह की अंतर्राज्यीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिलता है। कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

वहीं पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को ग्रामीण खेल संस्कृति को मजबूती प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

भोपाल और सारंगढ़ के बीच कांटे की टक्कर, भोपाल ने मारी बाजी

अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात टॉस कर प्रतियोगिता के पहले मुकाबले का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन मैच भोपाल और सारंगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, दमदार प्रदर्शन और बेहतरीन तालमेल से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबले में भोपाल की टीम ने जीत हासिल कर प्रतियोगिता में विजयी आगाज किया। मैदान में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका स्वागत किया।

आयोजन समिति की पहल से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

सरपंच लखपति भोय, दीपक चौधरी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतर्राज्यीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।

लेन्ध्रा में आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ ने पूरे क्षेत्र में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा किया है। खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों की भारी मौजूदगी और आयोजन समिति की सक्रियता ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रतियोगिता के आगामी रोमांचक मुकाबलों पर टिकी हुई हैं।

आपको यह पोस्ट कैसा लगा ? समीक्षा जरूर दें!

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Sudhir Chouhan

पत्रकार सुधीर चौहान (संपादक) स्वतंत्र भारत न्यूज़ मो.नं.9098259961

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button